लॉरेंस बिश्नोई को FBI को सौंपेगा भारत? : FBI का 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' : लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर अब तक की सबसे बड़ी वैश्विक कार्रवाई, 37 से ज्यादा गैंगस्टर गिरफ्तार

अमेरिका।अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने भारत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू किया है। इस अभियान का नाम 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' (Operation Hard Ball) रखा गया है। इस संयुक्त कार्रवाई का निशाना गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसका अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क है, जिस पर हत्या, रंगदारी, अपहरण, ड्रग्स तस्करी और संगठित अपराध जैसी गंभीर गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
50 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
7 जुलाई को अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई देशों में 50 से अधिक रणनीतिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। यह अभियान केवल अमेरिका तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कई देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने इसमें समन्वित तरीके से हिस्सा लिया। इस ऑपरेशन का उद्देश्य विदेशों में सक्रिय पूरे आपराधिक नेटवर्क को खत्म करना है।
किन एजेंसियों ने मिलकर चलाया ऑपरेशन?
'ऑपरेशन हार्ड बॉल' को अमेरिकी FBI, लॉस एंजिल्स पुलिस, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) और यूरोप की कई सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर अंजाम दिया। यह हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ सबसे बड़े संयुक्त अभियानों में से एक माना जा रहा है।
FBI अधिकारी ने क्या कहा?
FBI ने घोषणा की कि भारत से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ तीन अलग-अलग आरोप-पत्र (Indictments) दाखिल किए गए हैं, जिनमें कुल 37 लोगों को आरोपी बनाया गया है। एजेंसी के अनुसार, "इन आपराधिक संगठनों ने लक्षित हत्याओं, रंगदारी वसूली और अपहरण जैसी व्यापक हिंसक आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया है।"
लॉरेंस बिश्नोई पर क्या आरोप हैं?
अमेरिकी चार्जशीट के मुताबिक 33 वर्षीय लॉरेंस बिश्नोई भारत की जेल में बंद होने के बावजूद अपने पूरे आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि जेल के अंदर तस्करी से पहुंचाए गए मोबाइल फोन और इंटरनेट कॉलिंग (VOIP) की मदद से वह गैंग के सदस्यों को निर्देश देता था। चार्जशीट में उस पर हत्या, राजनीतिक हत्याओं की साजिश, रंगदारी, अपहरण, ड्रग्स तस्करी, मानव तस्करी और फायरिंग जैसी घटनाओं की योजना बनाने और उन्हें अंजाम दिलाने के आरोप लगाए गए हैं।
36 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट
इस कार्रवाई के तहत अमेरिकी जांच एजेंसियों ने लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और जग्गू भगवानपुरिया समेत 36 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। जांच के दौरान 24 से अधिक गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 10 आरोपी अभी भी फरार बताए गए हैं।
ऑपरेशन में क्या-क्या बरामद हुआ?
ऑपरेशन हार्ड बॉल के दौरान जांच एजेंसियों ने लगभग 1,000 किलोग्राम कोकीन और हेरोइन, हजारों डॉलर नकद और कई दर्जन हथियार बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अमेरिकी न्याय विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। दुनिया के अलग-अलग देशों में सक्रिय संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ इसी तरह के संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे। एजेंसियों का कहना है कि सीमा पार अपराध और अंतरराष्ट्रीय गैंग नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए सहयोगी देशों के साथ मिलकर कार्रवाई तेज की जाएगी।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
