ओवल के मैदान में टीम इंडिया की शर्मनाक हार : कीवी टीम ने 244 रनों से रौंदा, भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे मैट हेनरी

माउंट माउंगानुई। भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच वनडे मैचों की सीरीज का चैथा मुकाबला शुक्रवार को ओवल के मैदान में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। 334 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी भारतीय टीम महज 26.4 ओवर में 89 रनों पर ढेर हो गई। यानि भारतीय शेरों को 244 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत की शर्मनाक हार की वजह कीवी गेंदबाज मैट हेनरी रहे। उन्होंने सिर्फ 27 रन खर्च कर 6 विकेट झटके। इतना ही नहीं, उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान कप्तान श्रेयस अय्यर को खाता तक नहीं खोलने दिया।
भारतीय पारी की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में भारत के तीन बड़े बल्लेबाजों को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। पारी की पहली गेंद पर रोहित शर्मा फिन एलन को कैच थमा बैठे। पांचवीं गेंद पर विराट कोहली क्लीन बोल्ड हो गए, जबकि अगली गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ भी महज 5 रन बनाकर काइल जेमिसन का शिकार बने। भारत का स्कोर 9 रन पर चार विकेट हो गया। शुरुआती झटकों से टीम इंडिया आखिर तक उबर नहीं सकी।
ईशान और अक्षर की साझेदारी भी नहीं बचा सकी टीम इंडिया
इसके बाद ईशान किशन और अक्षर पटेल ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 44 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन धीमी बल्लेबाजी के कारण दबाव लगातार बढ़ता गया। अक्षर 21 रन बनाकर मैथ्यू फिशर का शिकार बने। ईशान किशन ने 53 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन हेनरी ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया।
आकिब नबी 5 और कुलदीप यादव 1 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप का विकेट लेकर हेनरी ने अपने छह विकेट पूरे किए। नमन धीर ने 21 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय पारी 89 रन पर सिमट गई।
विल यंग के तूफानी शतक से न्यूजीलैंड ने बनाया 333 रन
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए। विल यंग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों पर 125 रन ठोके। उनकी पारी में 14 चैके और चार छक्के शामिल रहे। यह उनके वनडे करियर का पांचवां शतक था।
टिम सीफर्ट ने 48 गेंदों पर 58 रन बनाए, जबकि फिन एलन ने 30 गेंदों में 41 रनों की तेज पारी खेली। विल यंग और एलन के बीच चैथे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी हुई। कप्तान मिचेल सेंटनर ने भी 24 रन जोड़े। भारत की ओर से आकिब नबी, गुरनूर बरार और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए। नमन धीर और अर्शदीप सिंह को एक-एक सफलता मिली।
245 रन की सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड टूटने से बचा
रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी वनडे हार का रिकॉर्ड अब भी 1999 में श्रीलंका के खिलाफ मिली 245 रनों की हार है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 244 रनों की हार के साथ भारतीय टीम इस अनचाहे रिकॉर्ड को टूटने से महज एक रन दूर रही।
आखिरी वनडे में भारत के सामने सीरीज बचाने की चुनौती
इससे पहले भारत ने ऑकलैंड और वेलिंगटन वनडे में जीत दर्ज की थी, जबकि हैमिल्टन का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। चैथे वनडे में जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में वापसी की है। अब दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला 15 नवंबर को इसी बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
