जॉर्जिया मेलोनी : संघर्ष, सत्ता और PM मोदी के साथ वायरल हुई दोस्ती की कहानी

प्रधानमंत्री मोदी के इटली दौरे के दौरान एक खास गिफ्ट ने जॉर्जिया मेलोनी को चर्चा में ला दिया। पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को भारत की लोकप्रिय “मेलोडी” टॉफी गिफ्ट की। इस अनोखे गिफ्ट को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई। मेलोनी ने भी इस गिफ्ट के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया — “Thank you for the gift.” इसके बाद “Melodi” और “Melody” को लेकर इंटरनेट पर मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। भारत और इटली के रिश्तों को लेकर भी दोनों नेताओं की नजदीकी को अहम माना जा रहा है। रक्षा, व्यापार, टेक्नोलॉजी और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कौन हैं जॉर्जिया मेलोनी? और कैसे बनी जॉर्जिया इटली की प्रधानमंत्री और कैसी है उनकी लाइफस्टाइल...
इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी आज वैश्विक राजनीति की चर्चित नेताओं में गिनी जाती हैं। सादगीभरी जीवनशैली, तेज राजनीतिक फैसलों और मजबूत राष्ट्रवादी छवि के कारण उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। लेकिन सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा।
बचपन में ही झेला संघर्ष
5 जनवरी 1977 को इटली की राजधानी रोम में जन्मीं जॉर्जिया मेलोनी का बचपन आर्थिक और पारिवारिक संघर्षों के बीच बीता। उनकी परवरिश रोम के मजदूर वर्ग वाले इलाके गरबाटेला में हुई। जब वे महज एक साल की थीं, तभी उनके पिता परिवार छोड़कर चले गए थे। इसके बाद उनकी मां ने अकेले ही दोनों बेटियों की परवरिश की।
15 साल की उम्र में राजनीति में एंट्री
जॉर्जिया मेलोनी ने किशोरावस्था में ही राजनीति में रुचि लेना शुरू कर दिया था। महज 15 साल की उम्र में वे इटैलियन सोशल मूवमेंट (MSI) से जुड़ गईं, जिसे दक्षिणपंथी विचारधारा वाली पार्टी माना जाता था। यहीं से उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत हुई। साल 2006 में वे पहली बार सांसद चुनी गईं। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की सरकार में उन्हें युवा मामलों की मंत्री बनाया गया। उस समय वे इटली की सबसे कम उम्र की मंत्रियों में शामिल थीं।
बनाई अपनी पार्टी, फिर बनीं प्रधानमंत्री
साल 2012 में मेलोनी ने अपनी राजनीतिक पार्टी “ब्रदर्स ऑफ इटली” की स्थापना की। 2014 से वे लगातार पार्टी का नेतृत्व कर रही हैं। उनकी राष्ट्रवादी और कड़े राजनीतिक रुख ने धीरे-धीरे पार्टी को राष्ट्रीय राजनीति में मजबूत स्थान दिलाया। साल 2022 उनके राजनीतिक करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, जब वे इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। इसके बाद उनकी लोकप्रियता केवल इटली तक सीमित नहीं रही, बल्कि दुनियाभर में उनकी पहचान एक प्रभावशाली महिला नेता के रूप में बनी।
कितनी है नेटवर्थ?
जॉर्जिया मेलोनी की कुल संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया गया है। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री और लंबे समय से सांसद होने के चलते उनकी वार्षिक आय लगभग 99 हजार यूरो बताई जाती है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 9 करोड़ रुपये के आसपास मानी जाती है।
निजी जिंदगी भी रही चर्चा में
49 वर्षीय मेलोनी फिलहाल सिंगल मदर हैं। उन्होंने अक्टूबर 2023 में अपने लंबे समय के पार्टनर और टीवी पत्रकार एंड्रिया जियाम्ब्रूनो से अलग होने का फैसला लिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीवी शो के दौरान लीक हुए कुछ वीडियो क्लिप्स में एंड्रिया की महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणियां सामने आई थीं, जिसके बाद दोनों का रिश्ता खत्म हो गया। मेलोनी की एक बेटी जिनेवरा है, जिसकी परवरिश वे अकेले कर रही हैं।
सादगीभरी जीवनशैली से अलग पहचान
दुनिया की ताकतवर महिला नेताओं में शामिल होने के बावजूद जॉर्जिया मेलोनी अपनी सादगी और पारिवारिक मूल्यों के लिए जानी जाती हैं। वे पारंपरिक इटैलियन संस्कृति और फैमिली वैल्यूज को महत्व देती हैं। यही वजह है कि उनकी छवि एक मजबूत लेकिन जमीन से जुड़ी नेता के रूप में देखी जाती है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
