कॉकरोच जनता पार्टी : 5 दिन में 4.2 मिलियन फॉलोअर्स, क्या ये सिर्फ मजाक है या GEN Z की नई डिजिटल क्रांति?

इंटरनेट की दुनिया में इन दिनों एक ऐसा नाम छाया हुआ है, जिसे सुनकर पहले लोग हंस रहे थे, लेकिन अब उसी नाम पर गंभीर बहस शुरू हो चुकी है। इन दिनों सोशल मीडिया पर CJP नाम का एक डिजिटल मूवमेंट तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑनलाइन अभियान की शुरुआत अभिजीत दीपके ने की, जो पहले राजनीतिक सोशल मीडिया कैंपेन से जुड़े रहे हैं।
16 मई के आसपास शुरू हुई यह पहल कुछ ही दिनों में Instagram, X, YouTube और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड करने लगी। CJP खुद को “Secular, Socialist, Democratic और Lazy” पार्टी बताती है और मीम्स, व्यंग्य तथा वायरल पोस्ट्स के जरिए बेरोजगारी, परीक्षा घोटालों, सिस्टम की जवाबदेही और युवाओं की नाराज़गी जैसे मुद्दे उठा रही है। लाखों युवा इसे सिर्फ एक मजाक नहीं, बल्कि अपनी frustration और डिजिटल विरोध की नई आवाज मान रहे हैं। एक वायरल विवाद, AI-generated वीडियो और इंटरनेट meme culture ने मिलकर इस आंदोलन को सोशल मीडिया का बड़ा ट्रेंड बना दिया है।

कैसे शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?
इस पूरे विवाद की शुरुआत एक वायरल वीडियो से हुई। सोशल मीडिया पर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत के बयान को लेकर बहस छिड़ गई। वीडियो में कहा गया कि कुछ बेरोजगार युवा मीडिया, सोशल मीडिया या एक्टिविज्म में जाकर सिस्टम पर सवाल उठाते हैं और “कॉकरोच” जैसे व्यवहार करते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया यूज़र्स ने व्यंग्य के तौर पर “Cockroach Janta Party” बनानी शुरू कर दी। धीरे-धीरे ये सिर्फ मीम पेज नहीं रहा, बल्कि एक वायरल डिजिटल मूवमेंट बन गया। हालांकि बाद में सफाई देते हुए कहा गया कि बयान युवाओं के लिए नहीं था, बल्कि गलत तरीकों से सिस्टम में घुसने वाले लोगों के लिए था। लेकिन तब तक इंटरनेट पर CJP ट्रेंड बन चुका था।
सोशल मीडिया अकाउंट पर बी प्रताप ने वीडियो शेयर किया.. देखें ये वीडियो।
सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रही है CJP?
सिर्फ कुछ ही दिनों में CJP के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 4 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। इंस्टाग्राम से लेकर एक्स तक, हर जगह इसके मीम्स, पोस्ट्स और वीडियो वायरल हो रहे हैं। सबसे खास बात ये है कि पार्टी खुद को “Secular, Socialist, Democratic and Lazy” बताती है। यानी एक ऐसा व्यंग्य, जिसमें राजनीति भी है, बेरोजगारी भी है और युवाओं का गुस्सा भी। युवाओं को ये कॉन्सेप्ट इसलिए पसंद आ रहा है क्योंकि इसमें उनके संघर्ष, मजाक और frustration — तीनों दिखाई दे रहे हैं।
कौन चला रहा है ये डिजिटल मूवमेंट?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मूवमेंट के पीछे अभिजीत दीपके का नाम सामने आया है, जो पहले राजनीतिक सोशल मीडिया कैंपेन से जुड़े रहे हैं। शुरुआत में इसे सिर्फ एक इंटरनेट जोक माना गया, लेकिन धीरे-धीरे इसके घोषणापत्र, मीम्स और ऑनलाइन कैंपेन वायरल होने लगे। अभिजीत दीपके ने साफ कहा कि CJP को किसी दूसरे देश के आंदोलन से जोड़ना गलत होगा। उनके मुताबिक भारत की GEN Z सिर्फ मीम्स बनाने वाली पीढ़ी नहीं है, बल्कि politically aware और संविधान को समझने वाली generation है।
क्या हैं पार्टी में शामिल होने के नियम?
CJP की सबसे मजेदार और वायरल चीज है इसकी “मेंबरशिप क्वालिटी”। अगर आप बेरोजगार हैं, मीम्स पसंद करते हैं, दिनभर ऑनलाइन रहते हैं, और सिस्टम को प्रोफेशनल तरीके से कोस सकते हैं, तो सोशल मीडिया के हिसाब से आप इस पार्टी के “योग्य सदस्य” हैं। यही वजह है कि लाखों युवा मजाक-मजाक में खुद को “कॉकरोच” बताकर पोस्ट शेयर कर रहे हैं। हालांकि शुरुआत मजाक से हुई थी, लेकिन अब CJP कई गंभीर मुद्दों को भी उठा रही है। इनमें शामिल हैं NEET और CBSE परीक्षाओं में गड़बड़ी, छात्रों से ज्यादा फीस वसूली, बेरोजगारी, और सिस्टम की जवाबदेही जैसे मुद्दे। यानी व्यंग्य के पीछे युवाओं का असली दर्द भी दिखाई देने लगा है।
घोषणापत्र में क्या-क्या मांगें रखीं?
CJP ने अपने वायरल घोषणापत्र में कई बड़ी बातें कही हैं। जैसे रिटायर जजों को राज्यसभा सीट ना मिले, संसद और कैबिनेट में महिलाओं को 50% आरक्षण मिले, मीडिया की आज़ादी सुनिश्चित हो, और दल बदलने वाले नेताओं पर 20 साल का प्रतिबंध लगे। इसके अलावा वोटर लिस्ट से नाम हटाने पर चुनाव अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
नेताओं ने भी दिए मजेदार रिएक्शन
इस वायरल पार्टी पर नेताओं के रिएक्शन भी खूब चर्चा में हैं। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वो भी CJP जॉइन करना चाहती हैं। वहीं कीर्ति आजाद ने पूछा “योग्यता क्या है?” जिस पर जवाब आया “1983 वर्ल्ड कप जीतना काफी है!” बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर मीम्स और जोक्स की बाढ़ आ गई।
क्या CJP बनेगी असली राजनीतिक पार्टी?
फिलहाल कॉकरोच जनता पार्टी सिर्फ इंटरनेट पर मौजूद एक व्यंग्यात्मक अभियान है। लेकिन जिस तेजी से युवा इससे जुड़ रहे हैं, उसने राजनीति और सोशल मीडिया दोनों को चौंका दिया है। कई एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ये भारत की डिजिटल पीढ़ी का नया विरोध करने का तरीका बनता जा रहा है, जहां गुस्सा भाषणों से नहीं, बल्कि मीम्स और व्यंग्य के जरिए दिखाया जा रहा है। अब देखना ये होगा कि CJP सिर्फ इंटरनेट ट्रेंड बनकर रह जाती है, या आने वाले समय में कोई बड़ा डिजिटल आंदोलन बन जाती है।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
