रायबरेली में गरजे राहुल गांधी : पीएम मोदी, अमित शाह पर लगाए तीखे आरोप, कहा गद्दार भी

रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं। दौरे के आखिरी दिन उन्होंने लोधवारी गांव में बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र सरकार और उसकी नीतियों को तीखा हमला बोला। इतना ही सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गद्दार तक कह दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और संविधान की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मौजूदा नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और आम जनता पर महंगाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों में आने वाले समय में और वृद्धि हो सकती है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी।
विदेश दौरों में व्यस्त हैं सत्ता में बैठे लोग
उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार जनता को संयम बरतने और विदेश यात्रा तथा सोना खरीदने जैसी बातों से बचने की सलाह देती है, जबकि सत्ता में बैठे लोग खुद भव्य जीवनशैली और विदेश दौरों में व्यस्त रहते हैं। इस विरोधाभास को उन्होंने आम जनता के साथ अन्याय बताया।
संविधान की भावना को प्रभावित कर रही सत्ताधारी व्यवस्था
राहुल गांधी ने संविधान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश के नागरिकों के अधिकारों और उनकी आवाज का प्रतीक है, जिसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन और सत्ताधारी व्यवस्था संविधान की मूल भावना को प्रभावित कर रहे हैं।
राहुल ने किसानों की समस्याओं का भी किया जिक्र
सभा में उन्होंने किसानों की समस्याओं का भी जिक्र किया और कहा कि आने वाले समय में खाद, बीज और अन्य कृषि संसाधनों की उपलब्धता को लेकर किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कोविड-19 महामारी और नोटबंदी के समय सरकार की नीतियों को भी आलोचना के केंद्र में रखा।
राहुल गांधी ने जनता से अपील की कि वे संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आगे आएं और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करें। उनके इन बयानों के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है और इसे लेकर पक्ष-विपक्ष में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
