शनिवार, 4 जुलाई 202606:17:55 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

रीवा में ट्यूशन टीचर की हैवानियत : पहाड़ा न सुना पाने पर 11 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से पिटाई,शिक्षिका और उसके पति पर गंभीर आरोप

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jul 04, 2026
11:07 AM
पहाड़ा न सुना पाने पर 11 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से पिटाई,शिक्षिका और उसके पति पर गंभीर आरोप

रीवा | संतोष श्रीवास्तव

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से शिक्षक-छात्र संबंधों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 11 वर्षीय छात्रा के साथ कथित रूप से ट्यूशन टीचर और उसके पति ने बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि छात्रा पहाड़ा नहीं सुना पाई, जिससे नाराज होकर पहले शिक्षिका ने उसे डांटा और फिर अपने पति से उसकी पिटाई करवा दी। घटना में बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, छठी कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा नियमित रूप से साक्षी चौबे नाम की शिक्षिका के पास ट्यूशन पढ़ने जाती थी। परिजनों का आरोप है कि पढ़ाई के दौरान बच्ची पहाड़ा नहीं सुना सकी। इस पर शिक्षिका साक्षी चौबे ने अपने पति गोलू चौबे को बुलाया, जिसने मासूम छात्रा को डंडों, लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। पिटाई इतनी गंभीर थी कि बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान बन गए।

ट्यूशन टीचर की हैवानियत

जब बच्ची घर पहुंची तो उसकी हालत देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। उन्होंने तुरंत उसे लेकर सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बच्चों को शिक्षा देने वाले शिक्षक यदि इस तरह की हिंसा पर उतर आएंगे तो अभिभावकों का भरोसा टूट जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें