रीवा सड़क हादसे मे एक जैन साध्वी की मौत : आरोपी चालक जबलपुर से गिरफ्तार,जैन समाज शोकाकुल

जैन साध्वी को मारी टक्कर
रीवा मे बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे जैन समाज को शोक में डाल दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कंट्रोल रूम के सामने तेज रफ्तार कार ने तीन महिला धर्मगुरुओं को टक्कर मार दी। हादसे में एक साध्वी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों का इलाज संजय गांधी अस्पताल मे जारी है।
एक जैन साध्वी की मौके पर ही मौत
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:40 बजे तीनों महिला धर्मगुरु कटरा जैन मंदिर से झिरिया की ओर दैनिक क्रिया के लिए जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सागर निवासी श्रुतमति माता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तमिलनाडु की उपसम मति माता और जबलपुर की आर्यका माता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह भी पढ़े ट्विशा शर्मा मौत मामला : पुलिस ने कहा- खुदकुशी, परिवार ने लगाए हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप
मौके पर पंहुचा प्रशासनिक अमला
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रीवा संभागायुक्त बीएस जामोद, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में जबलपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जैन समाज में शोक
बताया जा रहा है कि जैन समाज के विशेष आग्रह पर महिला धर्मगुरु रीवा आई थीं और पिछले तीन महीनों से कटरा स्थित जैन मंदिर में प्रवास कर रही थीं। हादसे के बाद जैन समाज में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल व्याप्त है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
