एमपी की टॉप न्यूज : मध्य क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक उज्जैन मे ,नई तबादला नीति , भागवत के काफिले पर उठे सवाल , मोनालिसा फिर चर्चा में

अमित शाह के उज्जैन दौरे की तैयारी, नई ट्रांसफर पॉलिसी और मोहन भागवत के काफिले पर बवाल और मोनालिसा फिर क्यों आई चर्चा में जान लीजिये सबकुछ विस्तार से
उज्जैन में होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की अगली बैठक
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक वर्ष 2027 में उज्जैन में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। बैठक के बाद सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में बस्तर में हुई बैठक के दौरान अमित शाह ने उज्जैन में अगली बैठक कराने पर सहमति दी थी। उन्होंने कहा कि जिस बस्तर क्षेत्र को कभी नक्सलवाद का गढ़ माना जाता था, वहीं आज राष्ट्रीय स्तर की बैठक होना नक्सलवाद के खत्म होने का बड़ा संदेश है।
नई तबादला नीति की तैयारी में सरकार
मध्यप्रदेश सरकार जल्द नई तबादला नीति लागू कर सकती है। प्रस्तावित नीति के अनुसार अब स्वैच्छिक और प्रशासनिक तबादलों की सीमा अलग-अलग तय होगी। अभी तक दोनों प्रकार के तबादले एक ही कोटे में शामिल किए जाते थे, जिससे विभागीय जरूरतों के अनुसार प्रशासनिक फेरबदल में दिक्कत आती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद विभागों को अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशासनिक तबादले करने में अधिक सुविधा मिलेगी। स्कूल शिक्षा विभाग की अलग तबादला नीति पहले की तरह जारी रह सकती है, जबकि जनजातीय कार्य, राजस्व और ऊर्जा विभाग भी अलग नीति बना सकेंगे।
विस्तार से पढने के लिए यहाँ क्लिक करे MP में नई ट्रांसफर पॉलिसी की तैयारी : CM की मंजूरी से होंगे बड़े अधिकारियों के तबादले
वायरल गर्ल मोनालिसा पहुंची हाई कोर्ट
प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान अपनी आंखों और अंदाज की वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हुई महेश्वर की माला विक्रेता मोनालिसा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके प्रेम विवाह और उम्र विवाद से जुड़ा हुआ है। मोनालिसा ने अपने पति फरमान खान के खिलाफ दर्ज अपहरण के मामले को चुनौती देते हुए इंदौर हाईकोर्ट का रुख किया है। मामले ने सोशल मीडिया से लेकर कानूनी गलियारों तक नई बहस छेड़ दी है।
यह भी पढ़े रीवा सड़क हादसे मे एक जैन साध्वी की मौत : आरोपी चालक जबलपुर से गिरफ्तार,जैन समाज शोकाकुल
काल भैरव मंदिर में शुरू होगी VIP दर्शन व्यवस्था
काल भैरव मंदिर मे बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने VIP दर्शन व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक हर दिन यहां 50 से 60 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि त्योहारों के दौरान यह संख्या एक लाख तक पहुंच जाती है। VIP दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 500 रुपये शुल्क देना होगा। इसके तहत अलग कतार से सीधे गर्भगृह तक पहुंच की सुविधा मिलेगी।
मोहन भागवत के काफिले पर उठा सवाल
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले से सामने आए एक वीडियो ने राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है। वीडियो में मोहन भागवत 14 गाड़ियों के काफिले के साथ जाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील क्या केवल आम जनता के लिए है। मामले को लेकर VIP कल्चर, ईंधन बचत और सरकारी सादगी पर नई बहस शुरू हो गई है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
