पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कटाक्ष : बीजेपी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पत्नी बोलीं- अब लोन पर मिलेगा ईंधन

भोपाल। बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों को लेकर अब भाजपा के भीतर से भी आवाजें उठने लगी हैं। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर महंगाई और तेल संकट को लेकर चिंता जताई है। उनकी टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।
सरकार पर कसा तंज
स्मृति मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि बढ़ती महंगाई का असर पूरे देश की जनता झेल रही है। उन्होंने कहा कि लड़ाई किसी की भी हो, लेकिन उसका नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ता है। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने लिखा कि आने वाले समय में शायद बैंक बिजनेस लोन की तरह पेट्रोल और डीजल लोन भी देने लगें, वह भी ईएमआई पर।
कांग्रेस ने बनाया मुद्दा
उनकी इस टिप्पणी को विपक्ष ने तुरंत मुद्दा बना लिया। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र और मध्य प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद महंगाई पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि भाजपा से जुड़े लोग भी महंगाई को लेकर खुलकर सवाल उठा रहे हैं।
बीजेपी की नही आई कोई प्रतिक्रिया
कांग्रेस का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है और रसोई से लेकर परिवहन तक हर क्षेत्र में महंगाई का असर दिखाई दे रहा है। वहीं भाजपा की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
