"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, साइबर अपराध और कानून पालन की भी दी जानकारी

सेमरिया, रीवा। मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत गुरुवार को सेमरिया थाना पुलिस ने स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
नशे से दूर रहकर लक्ष्य पर ध्यान देने की अपील
कार्यक्रम में एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे और थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर असर डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशा नहीं करेंगे, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे और अपने परिवार व समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएंगे।
साइबर अपराध और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, कानून का पालन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी उन्हें जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर जानकारी हासिल की।
शिक्षक, पुलिस स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, थाना सेमरिया का पुलिस स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
