शेयर बाजार में फिर लौटी रौनक : सुस्त शुरुआत के बाद सेंसेक्स ने भरी उड़ान, निवेशकों को मिली बड़ी राहत, निफ्टी फिर 24 हजार के पार

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को शानदार वापसी की है। इतना ही नहीं निवेशकों को भी बड़ी राहत मिली है। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन में सुस्ती दिखाने के बाद शेयर मार्केट में जोरदार उछाल को देखने को मिला। सेंसेक्स में जहां 700 अंकों की जबरदस्त तेजी आई है। वहीं निफ्टी एक बार फिर 24 हजार के स्तर को पार कर गया है। बाजार में लौटी रौनक से निवेशकों को बड़ी राहत मिली है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,200 अंकों के मुकाबले मामूली बढ़त के साथ 76,229 पर खुला। शुरुआती एक घंटे तक यह सीमित दायरे में कारोबार करता रहा, लेकिन बाद में इसमें अचानक तेजी आ गई और यह 700 अंकों से अधिक चढ़कर 76,976 के स्तर तक पहुंच गया।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी अपने पिछले बंद 23,824 अंकों के मुकाबले गिरावट के साथ 23,795 पर खुला था। हालांकि बाद में खरीदारी बढ़ने से यह तेजी के साथ 24,000 अंक के पार पहुंच गया।
बैंकिंग शेयरों ने दिखाई मजबूती
बाजार में आई तेजी के पीछे बैंकिंग सेक्टर का अहम योगदान रहा। आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और एक्सिस बैंक के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा कई बड़ी कंपनियों के शेयरों ने भी निवेशकों को आकर्षित किया। ट्रेंट, इंडिगो और बजाज फाइनेंस जैसे शेयर मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए। मिडकैप कंपनियों में एयू बैंक और यस बैंक के शेयरों में भी तेजी दर्ज की गई।
विदेशी संकेतों से मिला सहारा
वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों ने भी भारतीय बाजार को मजबूती दी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। एशियाई बाजारों में भी तेजी का माहौल देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। वहीं गिफ्ट निफ्टी में भी अचानक तेजी आई, जिसने घरेलू बाजार को अतिरिक्त समर्थन दिया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
