छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले इंदौर में पोस्टर वार : राहुल के दौरे से पहले झूठ की गूंज, सियासी पारा हाई

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज शनिवार को इंदौर के दौरे पर आ रहे हैं। वे छात्रों की गूंज कार्यक्रम से युवाओं से संवाद करेंगे। राहुल के मप्र प्रवास को लेकर सियासी पारा हाई है। इन सबके बीच राहुल के इंदौर पहुंचने से पहले पोस्टर वार भी शुरु हो गया है। उनके विरोध में शहर भर में पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। पोस्टरों में बड़े अक्षरों में झूठ की गूंज लिखा गया है।
राहुल के इंदौर पहुंचने से पहले शहर के प्रमुख चैराहों, मार्गों और अन्य स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पोस्टरों में किसी संगठन या व्यक्ति का नाम स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है। हालांकि, ‘झूठ की गूंज’ जैसे संदेश को राहुल गांधी के बयानों और उनके प्रस्तावित कार्यक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
पोस्टरों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
पोस्टरों के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे राहुल गांधी के दौरे से पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश बताया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि विपक्षी दलों से जुड़े लोग राजनीतिक विरोध के लिए इस तरह के पोस्टरों का सहारा ले रहे हैं। दूसरी ओर, पोस्टर लगाने वालों की पहचान और उनके पीछे किस संगठन या समूह की भूमिका है, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस-प्रशासन हुआ सतर्क
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा पोस्टरों की जानकारी जुटाने और उन्हें लगाने वाले लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने से पहले सामने आए इन पोस्टरों ने शहर की राजनीतिक गतिविधियों को और तेज कर दिया है। अब निगाहें उनके कार्यक्रम और इस पूरे पोस्टर विवाद पर होने वाली आगामी राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर टिकी हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
