राजधानी में देशभक्ति का अद्भुत नजारा : तिरंगे की शान बढ़ाने सड़कों पर आया भोपाल, सीएम मोहन ने दुश्मनों को दी चेतावनी

भोपाल। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कोलार क्षेत्र से कर्मश्री संस्था की ओर निकली विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने हाथों में राष्ट्रध्वज थामकर देश के प्रति अपना सम्मान और समर्पण व्यक्त किया। इस विशाल तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा शामिल हुए। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक शामिल हुए।

कोलार छह लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से शुरू हुई यात्रा करीब 32 किलोमीटर की दूरी तय कर संत नगर स्थित भैंसाखेड़ी मंडी पहुंचेगी। आयोजकों के अनुसार, यात्रा में एक लाख से अधिक नागरिकों के शामिल होने का दावा है और करीब 50 हजार वाहनों का पंजीयन हुआ है। जगह-जगह तिरंगों की कतार, देशभक्ति के नारे और भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।
तिरंगे को सम्मान देने युवा शक्ति बढ़ रही आगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे पूरा भोपाल सड़कों पर उतर आया है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति तिरंगे के साथ देश के मान-सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

‘दुश्मनों से निपटने में भारत सक्षम’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब इतना मजबूत हो चुका है कि अपने दुश्मनों से निपटने के लिए उनकी सीमा में जाकर कार्रवाई करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजराइल के बाद भारत ने भी ऐसी क्षमता का प्रदर्शन किया है। पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने अलग देश बनाया था, आज वहां आटे के लिए संकट है, जबकि भारत लगातार अपनी ताकत बढ़ा रहा है।

रामेश्वर शर्मा बोले- तिरंगा फिर लहराएगा
यात्रा के आयोजक हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भारत लाहौर, ढाका और कराची को नहीं भूला है। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल वहां भी तिरंगा फहराया जाएगा और वंदे मातरम् गाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से खुदीराम बोस, अशफाक उल्ला खान, रानी लक्ष्मीबाई और मंगल पांडे जैसे क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेने की अपील की।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
यात्रा में युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया। यात्रा मार्ग पर लगाए गए संदेशों के जरिए युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की गई। 32 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस, प्रशासन और आयोजन समिति की टीमें तैनात हैं। यात्रा का समापन संत नगर स्थित भैंसाखेड़ी मंडी में होगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
