गांवों तक पहुंचेगी सेहत की रोशनी, : CM ने उप स्वास्थ्य केंद्र तलून का किया निरीक्षण उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की निगरानी विशेष जोर

बड़वानी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बड़वानी जिले के प्रवास के दौरान दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र तलून का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य अमले से कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों पर विशेष निगरानी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कम्युनिटी स्वास्थ्य अधिकारी से क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की संख्या, उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और उनकी लगातार स्वास्थ्य निगरानी की स्थिति जानी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के स्वास्थ्य और टीकाकरण की जानकारी भी ली।
सिकलसेल मरीजों और कुपोषित बच्चों पर फोकस
डॉ. यादव ने क्षेत्र में सिकलसेल से प्रभावित मरीजों की संख्या, उनके उपचार और स्वास्थ्य निगरानी के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही कुपोषण की स्थिति और जरूरतमंद बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मरीजों और बच्चों की नियमित पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
स्वास्थ्य मैप से जरूरतमंदों की होगी पहचान
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आंत्रा फाउंडेशन द्वारा तैयार स्वास्थ्य संबंधी मैप का अवलोकन किया। इस मैप में क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं, बच्चों, सिकलसेल मरीजों और कुपोषण से संबंधित जानकारी को बिंदुओं के माध्यम से दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की मैपिंग से जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अनमोल पोर्टल और दवाओं की भी ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने केंद्र पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की अनमोल पोर्टल पर की जा रही प्रविष्टियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों से जुड़ी सेवाओं, टीकाकरण तथा केंद्र पर उपलब्ध दवाइयों की स्थिति पूछी। कम्युनिटी स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि आवश्यक जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज की जा रही है और केंद्र पर सभी जरूरी दवाइयां समय पर उपलब्ध हो जाती हैं।
दुर्गम अंचलों में स्वास्थ्य पहुंच बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने पाटी क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में ग्रीन कमांडो अभियान के तहत किए जा रहे स्वास्थ्य कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य अमले से कहा कि ग्रामीणों को जांच, उपचार, दवाइयां और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिलें, यह सुनिश्चित किया जाए।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
