शुक्रवार, 14 अगस्त 202609:33:38 PM
Download App
Home/देश

आजादी के जश्न से पहले यूपी में ATS का वार, : पाक कनेक्शन के शक में दो दबोचे, मोबाइल और सोशल मीडिया चैट खंगाल रही साइबर टीम

admin

admin

Aug 14, 2026
09:12 AM
पाक कनेक्शन के शक में दो दबोचे, मोबाइल और सोशल मीडिया चैट खंगाल रही साइबर टीम

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश एटीएस ने हापुड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों को बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। एटीएस की खुफिया और साइबर टीम उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, एक संदिग्ध के सीधे पाकिस्तान में मौजूद लोगों के संपर्क में होने का शक है।

सोशल मीडिया के जरिए संपर्क का शक

जांच एजेंसियों को आशंका है कि दोनों संदिग्धों की पाकिस्तान से सोशल मीडिया के जरिए बातचीत हुई थी। दूसरे हिरासत में लिए गए व्यक्ति को पहले संदिग्ध का साथी बताया जा रहा है। एटीएस अब दोनों के मोबाइल फोन, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध किन-किन लोगों के संपर्क में थे और उनकी गतिविधियों का मकसद क्या था।

मोबाइल और चैट से खुलेगा राज

साइबर टीम संदिग्धों के मोबाइल फोन से बातचीत, संपर्क और सोशल मीडिया गतिविधियों का ब्योरा जुटा रही है। कथित पाकिस्तानी संपर्कों की कड़ियां जोड़ने के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं दोनों का किसी कट्टरपंथी संगठन से संबंध तो नहीं है। जांच एजेंसियां उनके पुराने संपर्कों और ऑनलाइन गतिविधियों को भी खंगाल रही हैं।

दिल्ली में धमकियों से बढ़ी चौकसी

उधर, राजधानी दिल्ली में कई स्थानों पर बम धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। दिल्ली हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद परिसर में सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया गया और बम निरोधक दस्तों ने तलाशी अभियान चलाया।

इसके अलावा जाम नगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, साकेत स्थित एक कार्यालय, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट के एसडीएम कार्यालय को भी धमकी मिलने की सूचना सामने आई। सभी स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों ने जांच की, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा सख्त

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। हापुड़ में एटीएस की कार्रवाई को इसी व्यापक सुरक्षा सतर्कता से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है और एजेंसियां उनके कथित विदेशी संपर्कों तथा ऑनलाइन गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही हैं।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें