भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियों की कवायद तेज : शिवप्रकाश-खंडेलवाल ने संभाली कमान, जिला प्रभारियों को जारी हुआ फरमान

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर चल रही खींचतान के बीच भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़ी बैठक हुई। इतना ही नहीं, बैठकों का दौर आज दिन भर चलता रहेगा। सुबह करीब 10 बजे हुई पहले दौर की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी- संभाग प्रभारी और विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में गुटबाजी पर पार्टी हाईकमान ने सख्त रुख अपना लिया है। संगठन में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने और नियुक्तियों की प्रक्रिया को गति देने के लिए पार्टी ने जिला प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। नियुक्तियों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सभी प्रभारियों से खाली पदों की सूची और हर जिले से चार-चार उम्मीदवारों के नाम मांगे गए हैं। पार्टी का जोर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने पर है।
मोर्चा और प्रकोष्ठों में भी होगा बदलाव
संगठन की इस कवायद के तहत विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्षों और प्रकोष्ठों के संयोजकों की नियुक्तियां की जानी हैं। रात 8 बजे तक चलने वाली इस प्रक्रिया में खाली पदों, प्रस्तावित नामों और नियुक्तियों पर चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिए जाने की तैयारी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि हाईकमान की सख्ती के बाद प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियों को कितनी तेजी से अंजाम दिया जाता है।
बैठकों को लेकर पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वापसी का टिकट रात 10 बजे के बाद का ही रखें। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गैरमौजूदगी भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। बुधवार को मुख्यमंत्री मंदसौर में मंत्रिपरिषद की बैठक में व्यस्त हैं। हालांकि, संगठन के एक धड़े का मानना है कि प्रदेश पदाधिकारियों और जिला स्तर के नेताओं की इतनी महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति असामान्य है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
