विभाजन की विभीषिका से तिरंगे की शान तक : सीएम मोहन ने शौर्य स्मारक से राष्ट्रभक्ति और एकता का दिया बड़ा संदेश, तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी

भोपाल। विभाजन विभीषिका दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के शौर्य स्मारक से इतिहास, राष्ट्रभक्ति और एकता का बड़ा संदेश दिया। उन्होंने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम और देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी डिजिटल सामग्री का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन की त्रासदी देश के इतिहास का बेहद पीड़ादायक अध्याय है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने इस दिन को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देश की अखंडता के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि इतिहास की गलतियों से सीख लेकर राष्ट्र को और मजबूत बनाना होगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विशाल तिरंगा यात्रा को शौर्य स्मारक तिराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा भारत माता चैराहा (डिपो चैराहा) तक निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।
‘हर घर तिरंगा’ बना राष्ट्रभक्ति का उत्सव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पूरे देश में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का उत्सव बन चुका है। देश के हर राज्य, शहर और जिले में तिरंगा शान से लहरा रहा है।
उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस देश के इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय की याद दिलाता है, जब विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। लोगों ने उस दौर में बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना किया। इस त्रासदी को याद करते हुए आज भी मन व्यथित हो उठता है।
‘एकता और भाईचारे को मजबूत करना होगा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन की त्रासदी से सीख लेते हुए देशवासियों को एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत के बंटवारे जैसी त्रासदी पिछले एक हजार वर्षों के इतिहास में कभी नहीं हुई।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
सीएम यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को आत्ममंथन करने की जरूरत है। यदि कांग्रेस सत्य को नहीं समझती है, तो सत्याग्रह की बात करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है और इस दिशा में प्रत्येक नागरिक को मिलकर योगदान देना होगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
