रविवार, 30 अगस्त 202606:11:23 AM
Download App
Home/देश

बाढ़ प्रभावितों की मदद में जुटे प्रशासन : सीएम मोहन ने दिए राहत और रेस्क्यू तेज करने के निर्देश, चित्रकूट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

admin

admin

Aug 30, 2026
03:03 AM
सीएम मोहन ने दिए राहत और रेस्क्यू तेज करने के निर्देश, चित्रकूट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार रात रीवा के अल्प प्रवास के दौरान सर्किट हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा और सतना जिलों में बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ चित्रकूट में फंसे श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

बाढ़ प्रभावितों को तत्काल राहत देने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतना कलेक्टर को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित सभी लोगों के लिए भोजन, वस्त्र और शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे तत्काल कराया जाए और पात्र लोगों को आरबीसी 6/4 के प्रावधानों के तहत राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण किसी भी व्यक्ति की जनहानि अथवा पशुहानि नहीं होनी चाहिए और इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन जिलों में बारिश का असर अपेक्षाकृत कम है, वहां उपलब्ध बचाव उपकरणों को जरूरत के अनुसार बाढ़ प्रभावित जिलों में भेजकर इस्तेमाल किया जाए। बैठक में बताया गया कि एनडीआरएफ की टीम लगातार मुस्तैदी के साथ राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है।

छह गांवों में रेस्क्यू, सात लोगों को सुरक्षित निकाला

सतना कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिले के छह गांवों में रेस्क्यू अभियान चलाया गया है। अब तक सात लोगों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि यदि रात में दोबारा बारिश नहीं होती है तो स्थिति में सुधार होने की संभावना है। वहीं, नया गांव डैम क्षतिग्रस्त होने की जानकारी भी दी गई। इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

चित्रकूट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फोकस

मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में रुके श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए जाएं। सद्गुरु आश्रम में ठहरे श्रद्धालुओं के मोबाइल नंबर लेकर उनके परिजनों से संपर्क कराया जाए और उनकी बातचीत भी कराई जाए, ताकि परिवारों को उनकी सुरक्षा की जानकारी मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि जैतवारा गांव में बड़ी संख्या में लोग रुके हुए हैं। उनके लिए भोजन, पानी और वस्त्र की समुचित व्यवस्था की गई है।

रीवा में स्थिति नियंत्रण में, नुकसान का सर्वे जारी

मुख्यमंत्री ने रीवा-सतना और सतना-चित्रकूट मार्ग की स्थिति की भी जानकारी ली। रीवा कलेक्टर ने बताया कि जिले में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं और पशुहानि के मामलों में नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें