यूपी में 4,543 दरोगाओं को मिली नौकरी : सीएम योगी ने दिया बड़ा राजनीतिक संदेश, तीसरी बार सरकार बनने पर भी बांटेंगे नियुक्ति पत्र

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां उन्होंने पुलिस उपनिरीक्षक पद पर चयनित 4,543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने ऐलान किया प्रदेश में सरकारी का दौर लगातार जारी रहेगा। तीसरी बार सरकार बनने पर भी नियुक्ति पत्र बांटेंगे।
यूपी सीएम ने यह भी दावा किया की 9.50 लाख सरकारी भर्तियों के बाद एक लाख और नियुक्तियां करने का जो लक्ष्य रखा गया था, वह भी अब पूरा होने जा रहा है। इसके बावजूद सरकार युवाओं को रोजगार देने का अभियान नहीं रोकेगी। मुख्यमंत्री ने यहां तक कहा कि कुछ नियुक्ति पत्र रोककर रखे जाएंगे, जिन्हें तीसरी बार सरकार बनने पर वितरित किया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन में पिछली सरकारों को भी आड़े हाथों लिया।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने 2003 से 2017 के बीच भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौरान कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें आवेदन किसी और ने किया और नियुक्ति किसी दूसरे व्यक्ति को मिल गई। उन्होंने कहा कि ऐसी भर्तियों से जुड़े कई मामले आज भी न्यायालय में लंबित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेईमानी से युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों की संपत्ति जब्त करने का फैसला हो तो उन्हें खुशी होगी।
नवचयनित दरोगाओं से किया सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान योगी ने नवचयनित दरोगाओं से सीधा संवाद भी किया और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि क्या नौकरी पाने के लिए किसी को सिफारिश करवानी पड़ी? क्या किसी स्तर पर लेन-देन हुआ या किसी ने रिश्वत देने की पेशकश की? क्या किसी ने दबाव या धौंस दिखाकर नियुक्ति पत्र हासिल करने की कोशिश की? उन्होंने कहा कि आज के उत्तर प्रदेश में ऐसी चीजों के लिए कोई जगह नहीं है। युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर बिना सिफारिश और भेदभाव के नौकरी मिल रही है।
25 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में सरकार संभालने के समय प्रदेश की आर्थिक और प्रशासनिक स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। पुलिस विभाग में भी बुनियादी सुविधाओं की कमी थी। उनकी सरकार ने व्यवस्थाओं में सुधार किया है। उन्होंने बताया कि अब तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आने वाले समय में 25 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर उन्हें भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
