कैसे शुरू हुई थी सोनिया-राजीव की प्रेम कहानी लव स्टोरी? : नई किताब की लाॅन्चिंग से पहले कांग्रेस नेत्री ने शेयर किया दिलचस्प वीडियो

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव’ 10 को लाॅन्च होगी। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और अपनी प्रेम कहानी की शुरुआत का दिलचस्प वीडियो शेयर किया है। सोनिया के मुताबिक, इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में एक छोटे से ग्रीक रेस्टोरेंट में हुई मुलाकात ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी थी।
इटैलियन खाने की तलाश में पहुंचीं ग्रीक रेस्टोरेंट
सोनिया ने एक्स पर लिखा कि कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीम रेस्टोरेंट में उनके प्यार का सफर शुरु हुआ था। राजीव और उन्होंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई, जिसे वह अब किताब के जरिए पाठकों के साथ साझा करेंगी।

वीडियो में सोनिया ने बताया कि वह पढ़ाई के दौरान इंग्लैंड में इटैलियन खाना तलाश रही थीं। इसी दौरान उन्हें एक ग्रीक रेस्टोरेंट के बारे में पता चला। वहां यूरोप के साथ-साथ भारत के विद्यार्थी भी भोजन करने आते थे। इसी जगह उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई।
पहली नजर में पसंद आया राजीव का सौम्य स्वभाव
सोनिया गांधी ने बताया कि एक साझा मित्र ने दोनों का परिचय कराया था। इसके बाद उनकी दोस्ती बढ़ी और वे साथ में पार्टियों में जाने तथा नई जगहों पर घूमने लगे। उन्होंने एक वैलेंटाइन पार्टी का भी जिक्र किया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए थे।
राजीव गांधी के बारे में अपनी पहली धारणा साझा करते हुए सोनिया ने कहा कि उनका सौम्य व्यक्तित्व उन्हें बेहद पसंद आया था। उन्होंने राजीव को सुंदर और शांत स्वभाव वाला व्यक्ति बताया। सोनिया के अनुसार, पहली मुलाकात में ही उन्हें महसूस हुआ था कि वह राजीव के साथ अपना जीवन बिताना चाहेंगी। बाद में उन्हें पता चला कि राजीव भी उनके बारे में ऐसी ही भावना रखते थे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
