शरद पवार फिर अस्वस्थ : डिहाइड्रेशन के चलते अस्पताल में हुए भर्ती, सुप्रिया बोलीं- वे अपने काम करते हैं बहुत प्यार

मुंबई। एनसीपी (एसपी) सुप्रीमो शरद पवार एक बार फिर अस्वस्थ हो गए हैं। डिहाइड्रेशन के चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पवार की खराब तबियत के बारे में यह जानकारी उनकी बेटी और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने दी है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर आने के बाद समर्थकों में चिंता का माहौल हो गया है। हालांकि पविार की ओर से उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
सुप्रिया सुले ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा, बाबा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कर रही हूं. ऐसा लगता है उन्हें डीहाइड्रेशन हुआ है। उन्हें अब थोड़ा आराम करने और कम यात्रा करने की जरूरत है। लेकिन बाबा सुनते ही नहीं हैं। वो अपने काम से बहुत प्यार करते हैं। आखिर में सुप्रिया ने अपने शुभचिंतकों का आभार भी जताया। बताया यह भी जा रहा है कि शरद पवार की तबियत की खबर लगते ही सुप्रिया मीटिंग छोड़कर हाॅस्पिटल के लिए रवाना हो गई हैं।
रोहित पवार ने बताया- हालत स्थिर
शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बीच रोहित पवार ने भी एक्स पर पोस्ट कर उनकी सेहत को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिहाइड्रेशन के कारण शरद पवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुप्रिया सुले इस समय उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलने गई हैं।
रोहित पवार के मुताबिक, शरद पवार की हालत फिलहाल स्थिर और ठीक है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अगले दो दिनों तक उन्हें अस्पताल में उचित उपचार और निगरानी में रखा जाएगा। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर अनावश्यक चिंता न करें।
नवंबर में भी अस्पताल में हुए थे भर्ती
गौरतलब है कि शरद पवार इससे पहले 2 नवंबर को भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती हुए थे। उस समय उन्हें लगातार खांसी आने के बाद छाती में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
