मुंगेर में दर्दनाक हादसा : गंगा में समाईं पांच बच्चियां, इनमें चार सगी बहनें, एक का शव बरामद, गांव में पसरा मामत

मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले में बुधवार को गंगा स्नान के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर गंगा घाट पर स्नान करने गई पांच बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज धारा में बह गईं। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एक बच्ची का शव बरामद कर लिया है, जबकि चार अन्य की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार अभियान चला रही है।
स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गईं बच्चियां
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर निवासी क्रांति पासवान की चार बेटियां और चमकलाल पासवान की एक बेटी गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंची थीं। स्नान के दौरान सभी बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगा की तेज धारा के सामने उनके प्रयास नाकाम साबित हुए।
घटना की सूचना मिलते ही घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्वजन बदहवास होकर अपनी बेटियों की तलाश में जुट गए। मौके पर मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।
एक ही परिवार की चार बहनों के लापता होने से बढ़ी चिंता
पुलिस के अनुसार, हादसे में लापता होने वालों में क्रांति पासवान की पुत्री संगीता कुमारी (18), बिनीता कुमारी (16), संध्या कुमारी (14) और सोनम कुमारी (12) शामिल हैं। इसके अलावा चमकलाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी (19) के भी नदी में डूबने की आशंका है।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि लापता बच्चियों में एक ही परिवार की चार सगी बहनें शामिल हैं। इस खबर के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर किसी की नजर बचाव अभियान पर टिकी हुई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
