गुरुवार, 22 अक्टूबर 202608:30:46 AM
Download App
Home/देश

सिंगापुर में छाया MP का पर्यटन वैभव : विदेशी मेहमानों को भा रही गजक और रतलामी सेव

admin

admin

Oct 22, 2026
04:48 AM
विदेशी मेहमानों को भा रही गजक और रतलामी सेव

भोपाल। मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, वन्यजीव, आध्यात्म और प्राकृतिक सुंदरता अब अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में अपनी पहचान मजबूत कर रही है। सिंगापुर में आयोजित प्रतिष्ठित पर्यटन मेले ‘आईटीबी एशिया-2026’ में मध्यप्रदेश का पवेलियन विदेशी प्रतिनिधियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और सतत पर्यटन की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। विदेशी मेहमानों को वर्चुअल रियलिटी तकनीक के जरिए मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों का अनुभव कराया जा रहा है। वहीं, मुरैना की प्रसिद्ध गजक और रतलामी सेव का स्वाद भी मेहमानों को आकर्षित कर रहा है। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

भारत के उच्चायुक्त ने किया पवेलियन का उद्घाटन

सिंगापुर के मरीना बे सैंड्स स्थित सैंड्स एक्सपो एंड कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पका अंबुले ने किया। इस अवसर पर पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी., विभागीय अधिकारी और वैश्विक पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पवेलियन को प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक धरोहर, वन्यजीव, आध्यात्म, स्वास्थ्य एवं आरोग्य पर्यटन और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन की अवधारणा के आधार पर तैयार किया गया है।

वर्चुअल रियलिटी से पर्यटन स्थलों का अनुभव

पवेलियन में आने वाले अंतरराष्ट्रीय आगंतुक वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का आभासी अनुभव ले रहे हैं। इस पहल से विदेशी पर्यटकों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन की विविध संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। पारंपरिक आतिथ्य सत्कार के तहत परोसी जा रही जीआई टैग प्राप्त मुरैना की गजक और रतलामी सेव भी प्रदेश की विशिष्ट पहचान को सामने रख रही हैं।

दक्षिण-पूर्व एशिया के पर्यटन कारोबारियों से संपर्क

तीन दिवसीय आईटीबी एशिया-2026 का आयोजन 23 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की टीम सिंगापुर और दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख पर्यटन संचालकों, यात्रा एजेंटों और निवेशकों के साथ कारोबारी बैठकें कर रही है। इन बैठकों का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रा पैकेजों और पर्यटन योजनाओं में मध्यप्रदेश के प्रमुख स्थलों को शामिल कराने के साथ राज्य में पर्यटन निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।

विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने की रणनीति

इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से एशियाई पर्यटन बाजार की पसंद, प्राथमिकताओं और बदलते रुझानों को समझने में मदद मिलेगी। इसके आधार पर प्रदेश के पर्यटन प्रचार की प्रभावी रणनीति तैयार करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कारोबारियों के साथ साझेदारी बढ़ाकर मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को वैश्विक यात्रियों तक पहुंचाने और भविष्य में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें