भारत-पोलैंड रिश्तों को मिली नई उड़ान : हैदराबाद हाउस में मिले पीएम मोदी और डोनाल्ड टस्क, कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर मंथन

नई दिल्ली। भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम तब देखने को मिला, जब हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डोनाल्ड टस्क की मुलाकात हुई। द्विपक्षीय नेताओं ने द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान भारत-पोलैंड संबधों की समीक्षा की और व्यापार, रक्षा, तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर मंथन किया। बैठक से पहले दोनों नेताओं ने गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे का अभिवादन किया।
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क बुधवार शाम तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की और एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री के रूप में टस्क की यह भारत की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह वर्ष 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे।
भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर बढ़े : PM
टस्क से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत ने दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं पैदा की हैं। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में मोदी ने कहा कि ईयू के साथ व्यापार समझौते ने इन अवसरों को और व्यापक बना दिया है।
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत ने की थी मदद
प्रधानमंत्री मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलैंड के लोगों को भारत में मिली मदद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जामनगर और कोल्हापुर के शाही परिवारों ने हजारों पोलिश बच्चों और परिवारों को भारत में आश्रय दिया था। पीएम मोदी ने इस ऐतिहासिक घटना को दोनों देशों के बीच मानवीय संबंधों की मजबूत कड़ी बताया।
रक्षा, व्यापार और तकनीक पर होगी अहम चर्चा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक में भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ-साथ व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, नवीकरणीय ऊर्जा और उभरती तकनीकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा दोनों नेता आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक विषयों पर भी विचार साझा करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने सामाजिक माध्यम पर जारी संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने तथा सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी उनसे मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्री जयशंकर ने मुलाकात के बाद प्रसन्नता जताते हुए कहा कि वह भारत और पोलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने के विचारों की सराहना करते हैं। उन्होंने दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में इस बैठक को महत्वपूर्ण बताया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
