राहुल पार्ट टाइम राजनेता, फुल टाइम ट्रैवलर : विदेश दौरे को लेकर शिवराज का तीखा कटाक्ष, पीएम को लेकर कांग्रेस ने घेरा

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर भाजपा अक्रामक हो गई है। पार्टी के दिग्गज नेताओं ने राहुल को अपने निशाने पर ले रखा है। इसी क्रम केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल पर तीखा कटाक्ष किया है। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने राहुल को पार्ट टाइम राजनेता और फुल टाइम ट्रैवलर करार दिया है।
केन्द्रीय मंत्री शिवराज ने कहा कि कहा कि जब पूरा देश दशहरा जैसे त्योहार उत्साह और खुशी के साथ मनाता है, तब राहुल गांधी विदेश चले जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी पार्ट-टाइम राजनेता और फुल-टाइम यात्री हैं।उन्होंने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि “राहुल गांधी केवल समस्या हैं, समाधान नहीं। देश को आज समाधान की जरूरत है।” उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि वह केवल समस्याएं उठाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके समाधान की दिशा में भी काम करें।
विपक्षी दल अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने का देख रहे सपना
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के सामने सत्ता का सवाल नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने का लक्ष्य महत्वपूर्ण है। शिवराज के इन आरोपों पर कांग्रेस आग बबूला हो गई है। कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों का मुद्दा उठा दिया।
उदित राज ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरों पर उठाए सवाल
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस नेता उदित राज ने जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी सुविधानुसार विदेश दौरे करते हैं, यहां तक कि संसद सत्र के दौरान भी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री देश चलाते हैं, तो उनके विदेश दौरों पर सवाल क्यों नहीं किए जाते, जबकि राहुल गांधी विपक्ष और कांग्रेस के नेता हैं।
उदित राज ने कहा कि राहुल गांधी को लेकर लगातार टिप्पणी करना भाजपा की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी को पहले उपहास का पात्र बनाने की कोशिश की गई, लेकिन आज उनकी पहचान एक अंतरराष्ट्रीय नेता के रूप में बन रही है।
राहुल गांधी के पढ़ने और एकांत में रहने का किया बचाव
कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी के निजी समय बिताने और विदेश यात्रा करने का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को एकांत, अध्ययन और आत्ममंथन की जरूरत होती है। महात्मा गांधी भी पढ़ने, लिखने और आत्मविश्लेषण के लिए समय निकालते थे।
उदित राज ने राहुल गांधी के अध्ययन की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ यात्रा के दौरान उन्हें राहुल गांधी के ज्ञान को करीब से समझने का अवसर मिला था। उन्होंने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए पढ़ने-लिखने और शिक्षा के महत्व को लेकर भी सवाल उठाए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
