सोमवार, 26 अक्टूबर 202608:47:06 AM
Download App
Home/देश

कीमती धातुओं के दामों में फिर लौटी रौनक : गोल्ड 761 तो सिल्वर 968 रुपए उछला, लगातार गिरावट के बाद चमकी किस्मत

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 26, 2026
06:29 AM
गोल्ड 761 तो सिल्वर 968 रुपए उछला, लगातार गिरावट के बाद चमकी किस्मत

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट के बाद फिर एक बार रौनक लौटती दिखाई दे रही है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दोनों कीमती धातुओं के दामों में अचानक तेजी लौट आई है। बता दें कि पिछले सप्ताह भारी बिकवाली के कारण सोना और चांदी दबाव में थे, सोने में करीब 4 प्रतिशत और चांदी में 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई थी।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोमवार को सोने का दिसंबर वायदा भाव करीब 0.50 प्रतिशत यानी 761 रुपये की बढ़त के साथ 1,42,733 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया। वहीं, चांदी के दिसंबर वायदा भाव में भी तेजी देखने को मिली। चांदी करीब 968 रुपये यानी 0.49 प्रतिशत चढ़कर 1,96,687 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करती दिखाई दी। दिन के कारोबार में सोना 1,42,888 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया, जबकि चांदी ने 1,97,186 रुपये प्रति किलोग्राम का उच्चतम स्तर छुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चमकी दोनों धातुएं

अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर भी सोने और चांदी की कीमतों में सुधार दर्ज किया गया। सोना करीब 0.48 प्रतिशत बढ़कर 4,027 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा और कारोबार के दौरान 4,032.90 डॉलर प्रति औंस का स्तर छुआ।

इसी तरह चांदी करीब 0.74 प्रतिशत की तेजी के साथ 54.35 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। इसका दिन का उच्चतम स्तर 54.47 डॉलर प्रति औंस रहा। पिछले सप्ताह सोना जुलाई के बाद पहली बार 4,000 डॉलर प्रति औंस के नीचे फिसल गया था। अब इस स्तर के आसपास खरीदारी लौटने से कीमतों को सहारा मिल रहा है।

क्या आगे और महंगा होगा सोना-चांदी?

अब निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की 27-28 अक्टूबर को होने वाली नीतिगत बैठक पर है। इसके अलावा अमेरिका के पर्सनल कंजम्प्शन एक्सपेंडिचर महंगाई आंकड़े भी बाजार के लिए अहम होंगे।

यदि महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा आते हैं, तो ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने की आशंका बढ़ सकती है। इससे सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है। दूसरी ओर, महंगाई में नरमी और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कीमती धातुओं को सहारा दे सकती है।

फिलहाल बाजार में तेजी के बावजूद सावधानी बरतने की जरूरत है। निवेशकों को खरीदारी का फैसला करने से पहले कीमतों के उतार-चढ़ाव और आर्थिक संकेतकों पर नजर रखनी चाहिए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें