मप्र राज्यसभा सीट पर किसकी चमकेगी किस्मत : सीएम हाउस में भाजपा के दिग्गजों ने किया मंथन, संभावित उम्मीदवारों का पैनल शीर्ष नेतृत्व को भेजन की तैयारी

भोपाल। मध्यप्रदेश में खाली हुई राज्यसभा सीट को लेकर भाजपा में सियासी हलचल तेज हो गई है। इतना ही नहीं उम्मीदवारों के नाम पर मंथन करने के लिए सोमवार को भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। सीएम हाउस में आहुत हुई बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, लाल सिंह आर्य, पूर्व प्रदेश वीडी शर्मा समेत पार्टी के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे। बैठक में राज्यसभा उम्मीदवार के नाम को लेकर गहन मंत्रणा हुई। सूत्रों की मानें तो पार्टी अब संभावित नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की तैयारी में है।
बैठक में 4 से 5 संभावित नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है। बता दें कि राज्यसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा के भीतर कई नामों पर विचार किया जा रहा है। पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक आशीष अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष विनोद गोटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ और पूर्व मंत्री रंजना बघेल के नामों की चर्चा है। राजनीतिक हलकों में तमिलनाडु भाजपा की पूर्व विधायक वनथी श्रीनिवासन का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक किसी उम्मीदवार के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट
मध्यप्रदेश की यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित था, लेकिन इस्तीफे के कारण अब इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
