भाजपा का फोकस सोशल मीडिया पर, : सीएम मोहन ने डिजिटल योद्धाओं को दिया सफलता का मंत्र, अच्छे विचारों को जनता पहुंचाने किया आह्वान

भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को सोशल मीडिया विभाग की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित पार्टी के सीनियर नेता शामिल हुए। प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और जिला संयोजकों की मौजूदगी में डिजिटल अभियानों को प्रभावी बनाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
सोशल मीडिया को बताया अच्छे विचारों के प्रसार का सशक्त माध्यम
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिजिटल योद्धाओं में जोश भरा। उन्होंने शरद पूर्णिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्व शरद ऋतु के आगमन का प्रतीक है। आज के दौर में सोशल मीडिया के माध्यम से अच्छे विचारों का अमृत जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। यह मंच विचारों के प्रसार और समाज से संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने मीडिया और सोशल मीडिया के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति को अपनाया है। वहीं उन्होंने वर्ष 2014 का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव आया। उनके अनुसार, उस समय भाजपा और उसके नेतृत्व को लेकर कई तरह के सवाल उठाए जाते थे, लेकिन पार्टी ने जनता के बीच अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाई।
कांग्रेस पर लोकतंत्र से खिलवाड़ करने का आरोप
डॉ. यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया है और लगातार लोकतंत्र का मजाक बनाया है। उन्होंने महात्मा गांधी के उस विचार का उल्लेख किया, जिसमें स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस को समाप्त करने की बात कही गई थी। मुख्यमंत्री ने गांधी-नेहरू परिवार पर सत्ता केंद्रित राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
डिजिटल योद्धाओं की भूमिका को बताया अहम
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कई तरह की चुनौतियां हैं और इनका सामना करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को डिजिटल योद्धा बताते हुए कहा कि पार्टी की विचारधारा और योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में उनकी बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सक्रिय, सजग और जिम्मेदार रहने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग सकारात्मक संवाद, जनजागरण और भ्रामक सूचनाओं का मुकाबला करने के लिए किया जाना चाहिए। कार्यशाला में संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने और डिजिटल अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
