सोमवार, 26 अक्टूबर 202612:00:52 PM
Download App
Home/देश

परमाणु प्लांट से केन-बेतवा तक : उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना, खड़गे के विवादित बयान पर कही यह बात

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 26, 2026
10:31 AM
उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना, खड़गे के विवादित बयान पर कही यह बात

भोपाल। रीवा जिले में परमाणु संयंत्र और पन्ना में केन-बेतवा प्रोजेक्ट में मुआवजे की मांग को लेकर मप्र की सियासत गरमा गई है। विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने सोमवार को प्रेकस काॅन्फ्रेंस कर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने रीवा जिले के सिरमौर और मनगंवा क्षेत्र में प्रस्तावित परमाणु संयत्र को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

सिंघार ने घनी आबादी वाले क्षेत्र में परमाणु संयंत्र स्थापित करने की उपयुक्तता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है और प्रभावित लोगों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मामले को न्यायालय में उठाएगी।

केन-बेतवा परियोजना में मुआवजा वितरण की जांच की मांग

वहीं पन्ना जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना से जुड़े विस्थापन के मुद्दे पर सिंघार ने कहा कि उन्होंने प्रभावित लोगों और जिला कलेक्टर से मुलाकात की है। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना से सीधे प्रभावित नहीं होने वाले लोगों को मुआवजा दिया गया, जबकि वास्तविक विस्थापितों की समस्याएं अब भी बनी हुई हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने मुआवजा वितरण की जांच कराने और प्रभावित परिवारों के संयुक्त बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। हालांकि, मुआवजे में अनियमितताओं से जुड़े आरोपों पर सरकार का पक्ष सामने आना बाकी है।

खड़गे के बयान पर बोले- संदर्भ समझना जरूरी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंघार ने कहा कि उन्होंने वह बयान नहीं सुना है। उन्होंने कहा कि किसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसका संदर्भ और भाव समझना जरूरी है। भाजपा के कांग्रेस कार्यालय घेराव को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। साथ ही भाजपा पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का झंडा लेकर चलने संबंधी टिप्पणी की।

राज्यसभा चुनाव और संस्थाओं के इस्तेमाल पर आरोप

राज्यसभा सीट और उपचुनाव के मुद्दे पर सिंघार ने भाजपा पर जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थाओं का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की।

कांग्रेस के संभावित राज्यसभा उम्मीदवार के सवाल पर सिंघार ने कहा कि प्रत्याशी को लेकर पार्टी का निर्णय उचित समय पर घोषित किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे उठाती रहेगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें