दो मियां को घुसपैठियों से प्यार, : यूपी सीएम का सपा-कांग्रेस पर तीखा वार, कहा- दोनों को नहीं गरीबों की चिंता

कानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर के बिठूर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 29 परियोजनाओं का लोकार्पण और 19 का शिलान्यास शामिल है। सड़क, शिक्षा, धार्मिक पर्यटन और औद्योगिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं इसमें शामिल हैं। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा वार किया। इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस और सपा की तुलना छोटे मियां और बड़े मिया से की।
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि देश में दो मियां हैं, एक बड़े मियां और दूसरे छोटे मियां। दोनों को बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से प्यार है, लेकिन दलितों, वंचितों, गरीबों, किसानों और युवाओं के अधिकारों की चिंता नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घुसपैठियों को राशन कार्ड और सरकारी सुविधाएं दिलाकर गरीबों के हक पर डाका डालने की कोशिश की जा रही है।
‘विरासत में सत्ता मिल सकती है, जनता का विश्वास नहीं’
मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और दंगों की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरासत में सत्ता मिल सकती है, लेकिन जनता का विश्वास विरासत में नहीं मिलता। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। उन्होंने विपक्ष से नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने का कारण पूछते हुए कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में प्रताड़ित होकर आए पात्र हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदायों के लोगों को नागरिकता देने का विरोध क्यों किया गया।
योगी ने सपा की पूर्ववर्ती सरकार पर दंगाइयों और भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कोसी कलां, मुजफ्फरनगर और मथुरा के जवाहर बाग की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश ने राजनीतिक हिंसा का दौर देखा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को विकास की पहली शर्त बताया।
गरीबों और वंचितों के लिए योजनाओं का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि प्रदेश में करीब 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 65 लाख गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े स्थलों के विकास की योजना का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों की विरासत को संरक्षित करना और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
