आग उगलती गर्मी! : मप्र में 45 डिग्री के पार पारा, लू ने लोगों का जीना किया बेहाल, तपिश से बचने घरों में कैद हुए लोग

भोपाल। मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और खतरनाक लू की चपेट में है। सूरज की तपिश ने हालात ऐसे कर दिए हैं कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि राजगढ़ सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 45 डिग्री दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है।अगले 4 दिन में तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा। इसलिए मौसम विभाग ने दोपहर 12 से 3 बजे तक घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक रतलाम, खंडवा, खजुराहो और नौगांव में भी भीषण लू का असर देखने को मिला। राजधानी भोपाल में तापमान 42.7 डिग्री, इंदौर में 42.8 डिग्री, ग्वालियर में 42.6 डिग्री और उज्जैन में 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिनभर चल रही गर्म हवाओं और तेज धूप ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। सड़कें दोपहर में सूनी नजर आईं और लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में कैद रहे।
आज कई जिलों में लू का अलर्ट
मौसम केंद्र भोपाल ने सोमवार के लिए कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, रीवा, रतलाम, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर समेत कई इलाकों में तापमान 43 से 44 डिग्री या उससे अधिक रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है।
गर्मी का असर सबसे ज्यादा-मालवा-निमाड़ क्षेत्र में
सबसे ज्यादा असर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। रतलाम में 44.8 डिग्री और खंडवा में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। धार, गुना, दतिया और राजगढ़ में भी लू जैसे हालात बने हुए हैं। कई शहरों में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
रात में भी कम नहीं हो रहा असर
गर्मी का असर रात में भी कम नहीं हो रहा। राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को रातभर उमस और बेचैनी झेलनी पड़ी। भोपाल और जबलपुर में भी रात का तापमान 28 डिग्री के आसपास बना रहा।
मौसम वैज्ञानिकों ने दी सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा गया है। फिलहाल प्रदेश में बारिश का कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए आने वाले दिनों में गर्मी का कहर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
