मऊगंज में पति की दरिंदगी : पत्नी को पीटने के बाद प्राइवेट पार्ट में डाली लोहे की सरिया, हालत गंभीर

रिपोर्ट सुनील पाण्डेय: मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में महिला के साथ हैवानियत की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर कथित तौर पर लोहे की सरिया उसके प्राइवेट पार्ट में डाल दी। गंभीर हालत में महिला को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज गायनी विभाग के ICU में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
मायके से लौटी थी ससुराल
परिजनों के अनुसार पीड़िता की शादी करीब एक वर्ष पहले गौरी गांव निवासी शैलेंद्र पटेल से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती थी। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने से दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया था। परिवार की समझाइश के बाद महिला करीब 10 दिन पहले ही ससुराल लौटी थी, लेकिन इसके बाद यह दर्दनाक घटना हो गई।
इस खबर को भी पढ़े रीवा मे पुलिसकर्मी का मर्डर : दोस्त ने ही कनपटी पर मारी गोली, शराब पार्टी के बाद हुआ खूनी विवाद
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी पति घायल पत्नी को अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद दूसरे दिन तक पुलिस का कोई अधिकारी महिला के बयान दर्ज करने अस्पताल नहीं पहुंचा।
महिला सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोग महिला सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
