बुधवार, 21 अक्टूबर 202610:28:34 PM
Download App
Home/देश

CM मोहन आज मुंबई के दौरे पर : उद्योग जगत के सामने रखेंगे निवेश का रोडमैप, रसायन-पेट्रोकेमिकल क्षेत्र पर रहेगा फोकस

admin

admin

Oct 21, 2026
02:52 PM
उद्योग जगत के सामने रखेंगे निवेश का रोडमैप, रसायन-पेट्रोकेमिकल क्षेत्र पर रहेगा फोकस

भोपाल। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में नई संभावनाओं को तलाशने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवारको मुंबई में आयोजित इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री वैश्विक उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों और विशेषज्ञों के सामने मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक अधोसंरचना और राज्य की निवेश नीतियों की जानकारी साझा करेंगे। इस आयोजन में देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक, विशेषज्ञ और नीति निर्माता हिस्सा लेंगे। राज्य सरकार का प्रयास इस मंच के माध्यम से मध्यप्रदेश में रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग के विस्तार की संभावनाओं को सामने लाना है।

14वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में जुटेंगे उद्योग जगत के दिग्गज

इंडिया केम-2026 का आयोजन भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह 14वां द्विवार्षिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी है। उद्घाटन कार्यक्रम में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी उद्घाटन सत्र में मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में औद्योगिक विकास, निवेश, तकनीकी सहयोग और वैश्विक कारोबारी साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

पहले दिन वैश्विक कंपनियों के साथ कारोबारी संवाद

सम्मेलन के पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन, मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का मंच और कारोबारी संपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भारत-अमेरिका, भारत-जापान और भारत-यूरोपीय संघ के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल मंचों पर व्यापार, औद्योगिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा। इसके साथ ही रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्योगों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

विशेष रसायन से मशीनरी तक पर मंथन

सम्मेलन के दूसरे दिन, 23 अक्टूबर को विशेष रसायन, पेट्रोकेमिकल, औद्योगिक अधोसंरचना, पर्यावरण, संयंत्र एवं मशीनरी, पंप और वाल्व तथा कृषि रसायन जैसे विषयों पर परिचर्चाएं होंगी। इनमें उत्पादन प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने, तकनीकी सुधार और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। तीसरे दिन, 24 अक्टूबर को भी प्रदर्शनी जारी रहेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उद्योग जगत को नई तकनीकों, व्यावसायिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर संवाद का अवसर मिलेगा।

मध्यप्रदेश में निवेश और रोजगार की संभावनाओं को मिलेगा मंच

रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग विनिर्माण, औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला और सहायक उद्योगों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस क्षेत्र में निवेश बढ़ने से उत्पादन क्षमता के विस्तार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्मेलन में मध्यप्रदेश की औद्योगिक सुविधाओं और नीतियों को सामने रखकर निवेशकों को राज्य में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराएंगे। इससे प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और नए निवेश प्रस्तावों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें