भाजपा सरकार के सत्ता में अब गिनती के दिन बाकी : जीतू पटवारी का ऐलान- 812 दिन बाद बनेगी कांग्रेस की सरकार, 26 नवंबर को भोपाल में मार्च निकालने की तैयारी

ग्वालियर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सत्ता के दिन अब गिनती के रह गए हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने में अब केवल 812 दिन बचे हैं। पटवारी ने प्रदेश में भ्रष्टाचार, बढ़ते कर्ज, आदिवासियों पर अत्याचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने ऐलान किया कि 26 नवंबर को भोपाल में कांग्रेस एक बड़ा मार्च निकालेगी, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों को जुटाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के जरिए भाजपा सरकार की कथित साजिशों और विफलताओं को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।
एक लाख लोगों के साथ भोपाल में होगा मार्च
अपने दो दिवसीय क्षेत्रीय दौरे के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि 26 नवंबर को भोपाल में होने वाला मार्च प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण होगा। इसमें वोटों की चोरी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। कांग्रेस की तैयारी एक लाख से अधिक लोगों को जुटाने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कथित जनविरोधी एजेंडे को जनता के सामने लाकर उसके खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
परिवहन और आबकारी विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप
पटवारी ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार मध्य प्रदेश की सरकारी व्यवस्था की जड़ों तक पहुंच चुका है। परिवहन और आबकारी मंत्री के विशेष कार्य अधिकारी करोड़ों रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए। उन्होंने ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे 500 प्रतिशत लेनदेन करके आए हैं। यदि ऐसा नहीं है तो अधिकारी उन्हें चुनौती दें। पटवारी ने कहा कि सरकारी तंत्र को भ्रष्टाचार से मुक्त करना है तो पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा को हराना होगा।
आदिवासी दिवस की छुट्टी का दिया उदाहरण
आदिवासी समाज के मुद्दे पर पटवारी ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने आदिवासी समाज के साथ छल किया है और आदिवासियों पर अत्याचार की तमाम सीमाएं पार हो चुकी हैं। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
