गुरुवार, 27 अगस्त 202603:20:28 AM
Download App
Home/देश

देवभूमि में मूसलाबारिश से भारी तबाही : लैंडस्लाइड ने कई मार्गों को किया अवरुद्ध, पिथौरागढ़ के सबसे बुरे हाल

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 06, 2026
08:33 AM
लैंडस्लाइड ने कई मार्गों को किया अवरुद्ध, पिथौरागढ़ के सबसे बुरे हाल

देहरादून। मैदादी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक मूसलाधार मानसूनी बारिश का दौर जारी है। इतना ही नहीं, लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने जन-जीवन को पूरी तरह से अस्तव्यस्त कर दिया है। ऐसा ही नजारा उत्तराखंड में देखने को मिल रहा है। यहां पर बीते कई दिनों से हो रही जोरदार बारिश और लैंडस्लाइड से आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पहाड़ दरकने और मलबा आने से 38 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक 13 सड़कें पिथौरागढ़ जिले में बंद हैं, जबकि देहरादून, चमोली, बागेश्वर और टिहरी समेत कई जिलों में भी आवागमन प्रभावित हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक देहरादून में 7, चमोली में 6, बागेश्वर और टिहरी में 5-5, जबकि रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में एक-एक सड़क बंद है। बंद मार्गों में दो राज्य राजमार्ग, एक प्रमुख जिला मार्ग, तीन लोक निर्माण विभाग की सड़कें और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी 32 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सड़कें खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी और अन्य मशीनों के साथ लगातार बहाली कार्य में जुटी हैं।

पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बागेश्वर में भारी से अति भारी वर्षा की आशंका जताई गई है, जबकि रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, पिथौरागढ़ और नैनीताल में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी बिजली चमकने और बारिश के दौर की चेतावनी दी गई है।

बागेश्वर में सामान्य से 905 फीसदी अधिक वर्षा

मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में पूरे राज्य में औसतन 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक है। सबसे अधिक वर्षा बागेश्वर में 73.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 905 प्रतिशत ज्यादा है। उत्तरकाशी में 43.6 मिलीमीटर, पिथौरागढ़ में 16.4 मिलीमीटर, देहरादून में 14.1 मिलीमीटर, अल्मोड़ा में 13.8 मिलीमीटर और चमोली में 10.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें