चंबल की बदली तस्वीर: गोदरेज की चौथी यूनिट शुरू, : CM मोहन बोले- चंबल अब बीहड़ नहीं, उद्योग व रोजगार की बना नई पहचान 600 युवाओं को रोजगार

ग्वालियर। मालनपुर के औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की चौथी एकीकृत विनिर्माण इकाई शुरू हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसका शुभारंभ किया। करीब 450 करोड़ रुपए के निवेश से तैयार इस विस्तार से 600 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल होने के साथ अब उद्योगपतियों और निवेशकों के दिल में भी जगह बना रहा है। चंबल अब अपनी पुरानी पहचान पीछे छोड़कर उद्योग, निवेश और रोजगार का नया केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोदरेज ने करीब तीन दशक पहले मालनपुर में पहली इकाई लगाते समय बीहड़ नहीं, भविष्य देखा था। आज यहां टॉय से लेकर टायर तक के उद्योग विकसित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई साल में प्रदेश को मिले निवेश प्रस्तावों में से 30 प्रतिशत से अधिक निवेश धरातल पर उतर चुका है। प्रदेश से करीब 76 हजार करोड़ रुपए के उत्पादों का निर्यात हो रहा है। उन्होंने जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, ङ्क्षभंड के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, मंत्री राकेश शुक्ला, विधायकगण केशव देसाई, अंबरीश शर्मा, नरेन्द्र सिंह कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना भदौरिया, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन अध्यक्ष संजय नागाइच, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, देवेन्द्र सिंह नरवरिया, गोदरेज ग्रुप के प्रेसिडेंट राकेश स्वामी, गोदरेज समूह के सभी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।
एशिया की सबसे बड़ी सोप मैन्यूफैक्चरिंग सुविधा
गोदरेज की एग्जिक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने बताया कि नई यूनिट के साथ मालनपुर में एशिया की सबसे बड़ी सोप मैन्यूफैक्चरिंग सुविधा तैयार हो गई है। यहां प्रति मिनट 4 हजार तक साबुन तैयार किए जा सकेंगे। मालनपुर में 1991 से गोदरेज का सफर जारी है और अब तक करीब 850 करोड़ रुपए का निवेश हो चुका है। नई यूनिट में 480 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया गया है। पूरी क्षमता से संचालन के बाद प्लांट करीब 3,800 करोड़ रुपए का टर्नओवर पैदा करेगा।
महिलाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
निसाबा गोदरेज ने कहा कि मालनपुर प्लांट में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम करने की सुविधा और सुरक्षा संबंधी कदमों से रोजगार, कौशल और नेतृत्व के अवसर बढ़े हैं। गोदरेज मलेरिया और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार के साथ 2030 तक मलेरिया मुक्त मध्यप्रदेश के लक्ष्य में सहयोग करेगा।
कर्मचारियों की संख्या 2200 से बढ़कर 2800 होगी
गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के एमडी एवं सीईओ आसिफ मलवारी ने कहा कि मालनपुर प्लांट में अत्याधुनिक ऑटोमेशन, डिजिटाइजेशन और एडवांस मैन्यूफैक्चरिंग-पैकेजिंग मशीनें लगाई गई हैं। अभी यहां करीब 2200 कर्मचारी काम कर रहे हैं, जो विस्तार के बाद 2800 तक पहुंचेंगे। उन्होंने राज्य सरकार के ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और निवेश के अनुकूल माहौल की सराहना की।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
