रविवार, 13 सितंबर 202604:43:13 AM
Download App
Home/देश

BRICS में आज फिर दिखेगा भारत का दम, : मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग मुलाकातें प्रस्तावित ; समावेशी वैश्विक विकास के भविष्य पर मंथन

admin

admin

Sep 13, 2026
02:50 AM
मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग मुलाकातें प्रस्तावित  ; समावेशी वैश्विक विकास के भविष्य पर मंथन

नई दिल्ली। दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और बेहद अहम दिन है। भारत मंडपम एक बार फिर दुनिया के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी का गवाह बनेगा। सुबह करीब 10 बजे साझेदार और आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों एवं शासनाध्यक्षों का आगमन शुरू होगा। सत्र में लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास के भविष्य पर मंथन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं।

सुबह से शुरू होगा नेताओं का जमावड़ा

सुबह 9:55 बजे भारत मंडपम के दूसरे तल पर ब्रिक्स साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता एवं मंत्री पहुंचेंगे। सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की सामूहिक तस्वीर होगी। इसके करीब 15 मिनट बाद सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन के सभागार में खुला सत्र शुरू होगा। इस दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, विकास, तकनीक, सहयोग और बदलती दुनिया की चुनौतियों पर नेताओं के विचार सामने आएंगे।

मोदी की सात अहम द्विपक्षीय बैठकें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सम्मेलन का दूसरा दिन कूटनीतिक लिहाज से बेहद व्यस्त रहने वाला है। दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ उनकी बैठक होगी। इसके बाद 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात होगी।

शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामाफोसा के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ प्रधानमंत्री की बातचीत होगी।

पहले दिन चीन-रूस समेत कई देशों से बनी बात

सम्मेलन के पहले दिन भी प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय कूटनीति देखने को मिली। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार सहित कई मुद्दों पर बातचीत हुई।

भारत की मेजबानी का रंग रात्रिभोज में भी नजर आया। भारतीय संस्कृति और विरासत की झलक के बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर माहौल को खास बना दिया।

नई दिल्ली घोषणा-पत्र से दुनिया को साझा संदेश

पहले दिन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में नई दिल्ली घोषणा-पत्र को माना जा रहा है। इसमें आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ब्रिक्स देशों की साझा सोच सामने आई। दूसरे दिन इन विषयों के साथ वैश्विक विकास और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा को और आगे बढ़ाया जाएगा।

हर मेहमान का गर्मजोशी से स्वागत

ब्रिक्स सम्मेलन में भारत की मेजबानी भी चर्चा में रही। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत मंडपम पहुंचने वाले राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। हाथ मिलाने से लेकर तस्वीर खिंचवाने तक, हर मेहमान का भारतीय परंपरा और आत्मीयता के साथ अभिनंदन किया गया। सम्मेलन के दूसरे दिन भी भारत की सक्रिय कूटनीति और वैश्विक मंच पर उसकी बढ़ती भूमिका पर दुनिया की नजर रहेगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें