दिल्ली दौरे पर मोहन : केन्द्रीय मंत्री मंडाविया से सीएम ने की मुलाकात, युवाओं के रोजगार और स्किल डेवलपमेंट पर मंथन

भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव शनिवार को दिल्ली दौरे पर पहुंचे। सीएम डॉ. मोहन यादव 3 दिन में दूसरी बार राजधानी पहुंचे। दिल्ली दौरे के दौरान सीएम ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। बैठक में मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का विस्तार, कौशल विकास को मजबूत करना और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री को प्रदेश में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी क्षमता और योग्यता के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। बैठक में केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी तरीके से लागू करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
केंद्र-राज्य समन्वय से रोजगार को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के बीच हुई बातचीत में रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने युवाओं को आधुनिक कौशल से लैस करने और बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के मुताबिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
