मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर गूंजा जल संरक्षण का संकल्प : अमरकंटक में श्रमदान कर मोहन के मंत्री ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अमरकंटक। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को स्वच्छता अभियान में भाग लेकर अमरकंटक धाम स्थित माँ नर्मदा के पवित्र उद्गम स्थल पर श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने उद्गम क्षेत्र और कुंड परिसर की सफाई एवं संरक्षण कार्यों में हिस्सा लेकर जनभागीदारी का संदेश दिया। मंत्री ने कहा कि जल स्रोतों और नदियों का संरक्षण केवल धार्मिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता है।
मंत्री पटेल ने कहा कि मां नर्मदा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं हैं, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन, आजीविका और अस्तित्व का आधार भी हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि नदियों के उद्गम स्थलों की स्वच्छता, सुरक्षा और संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाकर प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने में योगदान दें।
जनभागीदारी बनी अभियान की सबसे बड़ी ताकत
‘मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन’ और ‘निर्विकार पथ’ के सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सहयोग से संचालित इस अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर उद्गम क्षेत्र की स्वच्छता और संरक्षण के लिए श्रमदान किया। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।
जल संकट से बचाव के लिए संरक्षण जरूरी
मंत्री पटेल ने कहा कि यदि वर्तमान समय में जल स्रोतों, नदियों और उनके उद्गम स्थलों को सुरक्षित नहीं रखा गया तो भविष्य में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए समाज और सरकार को मिलकर प्रयास करने होंगे। जनसहभागिता से ही जल संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है।
‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को मिल रही नई गति
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के माध्यम से जल संरचनाओं के पुनर्जीवन, नदियों की स्वच्छता और जनजागरण के कार्यों को व्यापक गति मिली है। अमरकंटक में किया गया यह श्रमदान अभियान पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति समाज की बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास जल संरक्षण के जनआंदोलन को और मजबूत बनाएंगे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
