मप्र में टिफिन पाॅलिटिक्स की तैयारी : अब भाजपा नेता साथ बैठकर करेंगे भोजन, दूर किए जाएंगे गिले-शिकवे

भोपाल। मप्र भाजपा कार्यकर्ताओं से जुड़ाव बढ़ाने और संगठन के भीतर आपसी संवाद मजबूत करने के लिए अहम कदम उठाने जा रही है। अब पार्टी के नेता और पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर उनके टिफिन का भोजन करेंगे। इस पहल का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और नाराजगी दूर करना है।
सूत्रों की मानें तो संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के निर्देशों के तहत पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर भोजन करने और उनसे सीधे संवाद स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके जरिए संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश की जा रही है।
टिफिन पार्टी से दूर होंगे गिले-शिकवे
पार्टी की इस कवायद में टिफिन पार्टी को संवाद का माध्यम बनाया जा रहा है। बैठकों में कई बार कार्यकर्ता अपनी बात खुलकर नहीं रख पाते, लेकिन अनौपचारिक माहौल में वे अपनी समस्याएं और सुझाव आसानी से साझा कर सकते हैं। ऐसे में भोजन के दौरान नेताओं को कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत करने का अवसर मिलेगा।
वहीं भाजपा की यह पहल उन कार्यकर्ताओं तक पहुंचने का माध्यम बन सकती है, जो किसी कारण से नाराज हैं। साथ बैठकर भोजन करने से आपसी दूरी कम करने और पुराने गिले-शिकवे दूर करने की कोशिश होगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
