114 पदक जीतने वाले पैरा खिलाड़ियों से मिले मोदी : अपने हाथों से खिलाकर चूरमा लुटाया प्यार, एलए गेम्स की तैयारी में जुटने का दिया संदेश

, नई दिल्ली। एशियन पैरा गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर लौटे भारतीय खिलाड़ियों का गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्साह बढ़ाया। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुई मुलाकात के दौरान भावुक और खुशनुमा माहौल देखने को मिला। पुरुषों की 65 किलोग्राम पैरा पावरलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने वाले अशोक कुमार मलिक अपने साथ चूरमा लेकर पहुंचे थे। प्रधानमंत्री ने बड़े अपनेपन से अशोक को अपने हाथों से चूरमा खिलाया और फिर वहां मौजूद दूसरे खिलाड़ियों को भी इसे बांटने के लिए कहा। इस आत्मीय मुलाकात ने खिलाड़ियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
अशोक के चूरमे ने जीता पीएम का दिल
अशोक कुमार मलिक ने मुलाकात के बाद बताया कि प्रधानमंत्री से बातचीत का अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने कहा कि मुकाबले के दो दिन बाद प्रधानमंत्री से मिलने पर उन्होंने अशोक को भाग्यशाली बताया। साथ ही सभी खिलाड़ियों को आगे बढ़ते रहने और लॉस एंजिलिस (एलए) खेलों की तैयारी शुरू करने के लिए प्रेरित किया। अशोक ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनके साथ लाए चूरमे को सभी खिलाड़ियों में बांटने के लिए कहा। इससे सभी को बहुत खुशी हुई।

भावना बोलीं- प्रधानमंत्री हमारे दोस्त जैसे
महिला रिकर्व डबल्स में पूजा जत्यान के साथ रजत पदक जीतने वाली तीरंदाज भावना चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़े रहते हैं। उन्हें ऐसा लगता है जैसे प्रधानमंत्री उनके दोस्त हों, जो खिलाड़ियों के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। भावना ने कहा कि पहले की तुलना में अब खिलाड़ियों को कहीं अधिक अवसर और समर्थन मिल रहा है।
स्वाति को मुलाकात से मिली नई प्रेरणा
महिलाओं की व्यक्तिगत डब्ल्यू-1 तीरंदाजी स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली स्वाति चौधरी ने कहा कि भले ही उन्हें प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने का मौका नहीं मिला, लेकिन उनसे मिलना ही गर्व और खुशी का अनुभव था। प्रधानमंत्री का खेलों को लेकर दृष्टिकोण सामान्य खिलाड़ियों के साथ पैरा खिलाड़ियों के लिए भी बड़ी प्रेरणा है।
दो स्वर्ण जीतने वाले प्रणव ने जताया आभार
प्रणव सूरमा ने एशियन पैरा गेम्स में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने पुरुषों की चक्का फेंक और क्लब थ्रो स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया। प्रणव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीत के बाद प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिलना बेहद उत्साहजनक है। प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें भविष्य में भी मेहनत जारी रखने और बड़े मंचों पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
114 पदकों के साथ भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 114 पदक अपने नाम किए। इनमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। अब खिलाड़ियों की नजर आगामी लॉस एंजिलिस खेलों पर है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
