गुरुवार, 26 नवंबर 202608:17:52 PM
Download App
Home/देश

बहुजन स्वराज संकल्प महारैली : ओवैसी-चन्द्रशेखर ने मंच साझा कर दिया दलित-मुस्लिम एकजुटता का संदेश, पोस्टरों में छाया रहा CM-डिप्टी CM का नारा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 26, 2026
09:42 AM
ओवैसी-चन्द्रशेखर ने मंच साझा कर दिया दलित-मुस्लिम एकजुटता का संदेश, पोस्टरों में छाया रहा CM-डिप्टी CM का नारा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों ने चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद गुरुवार को लखनऊ में एक मंच पर आए। इतना ही नहीं, रमाबाई अंबेडकर मेदान में आयोजित बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को संबोधित कर दोनों नेताओं ने दलित और मुस्लिम एकजुटतता के सत्ता में हिस्सेदारी का संदेश दिया।

चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री बनाने की बात

रैली को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के लोगों के पास बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का दिया संविधान सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि दलित और मुसलमान पहले भी आपस में नहीं लड़े और आगे भी उनकी एकता बनी रहनी चाहिए।

शौकत अली ने कहा कि उनका गठबंधन दलित समाज के नेता चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहता है। उन्होंने सत्ता में वंचित समाज की भागीदारी को मोर्चे का प्रमुख संकल्प बताया।

सपा पर भी साधा निशाना

रैली के दौरान कुछ समर्थकों ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं को लेकर भी टिप्पणियां कीं। एक मुस्लिम समर्थक ने सपा नेता आजम खान पर निशाना साधते हुए उनके बयानों और राजनीतिक रुख पर कटाक्ष किया। इस दौरान हैदराबादी बिरयानी को लेकर भी तंज कसा गया।

पोस्टरों पर छाया सीएम-डिप्टी सीएम का नारा

रैली स्थल पर लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें सबसे प्रमुख नारा था, दलित का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा और अब्दुल का बेटा उपमुख्यमंत्री बनेगा। नीले और हरे झंडों से सजे मैदान में समर्थकों ने जय भीम के नारे लगाए। दोनों नेताओं के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने बड़ी-बड़ी मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। आयोजकों ने रैली में पांच लाख लोगों के जुटने का दावा किया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें