सोमवार, 15 जून 202601:38:56 AM
Download App
Home/देश

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन बवाल : पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का हंगामा, ट्रैक जाम, ट्रेनों में तोड़फोड़; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

Jun 14, 2026
05:15 AM
पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का हंगामा, ट्रैक जाम, ट्रेनों में तोड़फोड़; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पटना। बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन राजधानी पटना का पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेनें नहीं मिलने से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों छात्र रेलवे ट्रैक पर उतर आए और कई ट्रेनों का परिचालन घंटों तक प्रभावित रहा। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों को रोकना शुरू कर दिया। इस दौरान पथराव, हंगामा और एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और अभ्यर्थियों के बीच भय और असमंजस का माहौल बन गया।

MP Ladli Behna Yojana : आज जारी होगी 37वीं किस्त, 1.25 करोड़ बहनों के खातों में आएंगे 1500 रुपये

प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची

हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात स्टेशन पर अव्यवस्था की सूचना मिली थी। प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया और अन्य परीक्षार्थियों को परेशानी न पहुंचाने की अपील की, लेकिन कुछ लोग लगातार ट्रेनों की इमरजेंसी चेन खींचते रहे और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग पर अड़े रहे।

प्रशासन का कहना है कि पहले ही दो स्पेशल ट्रेनें चलाई जा चुकी थीं, बावजूद इसके कुछ तत्वों ने हालात बिगाड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने उन छात्रों को भी रोकने का प्रयास किया जो परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना होना चाहते थे।

ट्रैक खाली कराने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस

रेल आईजी अमरेश कुमार ने बताया कि हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों को रेलवे ट्रैक से हटाने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

उन्होंने बताया कि उस समय मधुबनी एक्सप्रेस और सीमांचल एक्सप्रेस स्टेशन पर मौजूद थीं और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उनमें सवार हो चुके थे। इसी दौरान करीब 200 से 300 छात्र स्टेशन पहुंचे और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन की मांग को लेकर ट्रैक पर बैठ गए, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रशासन ने छात्रों की मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई, जिसके बाद उन्हें आश्वासन दिया गया कि एक घंटे के भीतर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रात करीब 2:10 बजे अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन स्टेशन पहुंची। इस दौरान पुलिस अधिकारियों की डीजीपी से भी बातचीत हुई। डीजीपी ने निर्देश दिए कि यदि किसी अभ्यर्थी की परीक्षा छूटती है तो उसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था और परीक्षा पुनर्निर्धारण पर विचार किया जाएगा।

Punjabi Tadka Restaurant : गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास होटल में लगी आग, फटे 3 गैस सिलेंडर

स्टेशन की दुकानों में भी मचाया उत्पात

हंगामे के दौरान स्टेशन परिसर स्थित दुकानों को भी निशाना बनाया गया। एक दुकानदार ने बताया कि भीड़ ने उसकी दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और पत्थरबाजी की। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि उसे अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा।

16 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए राज्यभर में 500 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 4,128 पदों पर भर्ती के लिए 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 17 जून तक चलेगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत कक्षपाल, मद्य निषेध सिपाही और चलंत दस्ता सिपाही के पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर पेन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई है। सभी उम्मीदवारों को परीक्षा कक्ष में ही पेन उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों के मोबाइल फोन के उपयोग पर भी परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले रोक लगा दी गई है।

पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुए इस हंगामे ने परीक्षा प्रबंधन, परिवहन व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आगामी परीक्षा दिनों में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें