शुभेंदु के शपथ ग्रहण समारोह में दिखा भावुक पल : पीएम मोदी ने बुजुर्ग का पैर छू जीता दिल, मुलाकात बनी चर्चा का विषय

कोलकाता। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित बीजेपी सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे ही मंच पर पहुंचे, उन्होंने वहां मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति को पहले गले लगाया, फिर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोनों काफी देर तक एक-दूसरे से भावुक होकर मिले। यह नजारा देखते ही समारोह में मौजूद लोग भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई। सवाल उठने लगा कि आखिर वह बुजुुर्ग शख्स कौन हैं, जिनके प्रति पीएम मोदी ने इतना सम्मान जताया?
कौन हैं माखनलाल सरकार?
जानकारी सामने आई कि वह बुजुर्ग नेता पश्चिम बंगाल बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बेहद पुराने और समर्पित कार्यकर्ता माखनलाल सरकार हैं। 98 वर्षीय माखनलाल सरकार को बंगाल में राष्ट्रवादी विचारधारा के शुरुआती स्तंभों में गिना जाता है। वे आजादी के बाद से ही संगठन और राष्ट्रवादी आंदोलनों से जुड़े रहे हैं।
बताया जाता है कि साल 1952 में वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। उस समय राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाना आसान नहीं था, लेकिन माखनलाल सरकार लगातार सक्रिय रहे।
बीजेपी को मजबूत बनाने में निभाई बड़ी भूमिका
1980 में बीजेपी के गठन के बाद पार्टी ने उन्हें पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों का संगठन समन्वयक बनाया। उन्होंने महज एक साल के भीतर करीब 10 हजार लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम किया। बाद में वे लगातार सात वर्षों तक जिला अध्यक्ष भी रहे, जो उस दौर में बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी। उनके करीबी बताते हैं कि बंगाल में बीजेपी और संघ की जड़ें मजबूत करने में माखनलाल सरकार का अहम योगदान रहा है।
राम मंदिर आंदोलन से निर्माण तक के साक्षी
माखनलाल सरकार ने राम मंदिर आंदोलन से लेकर अयोध्या में मंदिर निर्माण तक का पूरा सफर देखा। परिवार के अनुसार, उनके घर के आंगन में शिला पूजन भी हुआ था। यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मंच पर सम्मान दिए जाने के बाद उनका परिवार भावुक हो उठा।
परिवार की आंखें हुईं नम
समारोह का सीधा प्रसारण टीवी पर देख रहे उनके परिवार की आंखें उस समय भर आईं, जब पीएम मोदी ने मंच पर माखनलाल सरकार को गले लगाकर आशीर्वाद लिया। परिवार ने कहा, “उन्होंने जिन आदर्शों और संघर्षों के साथ जीवन बिताया, आज उन्हीं मूल्यों को सम्मान मिलता देखकर गर्व महसूस हो रहा है।”
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
