ब्रिटेन में बड़ा सियासी घटनाक्रम : पीएम स्टार्मर ने इस्तीफे का किया ऐलान, पार्टी में नहीं मिल रही तवज्जो, नए नेता के चयन तक बने रहेंगे पद पर

लंदन। ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष और लगातार गिरते जनसमर्थन के बीच उन्होंने यह फैसला लिया। बताया जा रहा है कि ब्रिटेन की विदेश सचिव येवेट कूपर ने भी निजी तौर पर उन्हें पद छोड़ने की सलाह दी थी।
स्टार्मर पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले सातवें ब्रिटिश नेता बन गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी पार्टी अब यह नहीं मानती कि वह अगले आम चुनाव में लेबर पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा हैं।
देश को हमेशा सबसे पहले रखा
समर्थकों को संबोधित करते हुए स्टार्मर ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में हर फैसला देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर लिया। उन्होंने कहा, मैंने अपनी पार्टी की आवाज सुनी है और उस फैसले को खुशी-खुशी स्वीकार करता हूं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सत्ता का हस्तांतरण व्यवस्थित और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से किया जाएगा। नए नेता और प्रधानमंत्री के चयन तक वह अपने पद पर बने रहेंगे।
दो साल पहले मिली थी ऐतिहासिक जीत
महज दो वर्ष पहले कीर स्टार्मर ने लेबर पार्टी को शानदार चुनावी जीत दिलाई थी। पार्टी ने 174 सीटों के साथ बहुमत हासिल कर सत्ता में वापसी की थी। उस समय इसे ब्रिटिश राजनीति में लेबर पार्टी की बड़ी वापसी माना गया था। हालांकि, उनके कार्यकाल में कई विवाद और नीतिगत बदलाव सामने आए। बुजुर्गों के लिए विंटर फ्यूल भुगतान से जुड़े फैसले और पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त करने जैसे निर्णयों पर तीखी आलोचना हुई।
रिफॉर्म यूके की बढ़त से बढ़ी चिंता
हालिया जनमत सर्वेक्षणों में लेबर पार्टी की लोकप्रियता में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि रिफॉर्म यूके लगातार बढ़त बनाए हुए है। पार्टी के कई सांसदों को आशंका है कि यदि नेतृत्व परिवर्तन नहीं हुआ तो आगामी चुनावों में लेबर को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है और नाइजेल फराज के नेतृत्व में रिफॉर्म यूके सत्ता के करीब पहुंच सकता है। संभावित नए नेताओं में एंडी बर्नहम का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
