इंदौर में आज गूंजेगी छात्रों की आवाज : राहुल गांधी युवाओं से करेंगे सीधा संवाद, सियासी पारा चढऩे के आसार

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज मध्यप्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। वे इंदौर में आयोजित हो रहे छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वे छह घंटे से ज्यादा समय इंदौर में रुकेंगे। इस दौरान राहुल शहर में करीब सात घंटे तक विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। शाम पांच बजे वे छात्रों की गूंज कार्यक्रम में भाग लेंगे और युवाओं से संवाद करेंगे। राहुल गांधी दोपहर 1.45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक के रास्ते में कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लवकुश चौराहा, एमआर-10 चौराहा, विजय नगर चौराहा और रेडिसन होटल के आसपास स्वागत की तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद वे युवाओं से नीट, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे। इस दौरान वे भाजपा सरकार पर भी हमलावर दिखाई देंगे। आयोजन स्थल पर पांच डोम बनाए गए हैं, जबकि खुले हिस्से में एलईडी भी लगाई गई है। आयोजन स्थल पर पांच एंट्री गेट रखे गए हैं। युवक और युवतियों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं।
दोपहर से लागू रहेगा मार्ग परिवर्तन
राहुल गांधी के काफिले की आवाजाही के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढऩे की संभावना है। इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। अधिकारियों ने नागरिकों से कहा है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले बदले हुए यातायात मार्गों को ध्यान में रखें, ताकि अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सके।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात पुलिस द्वारा तय किए गए परिवर्तित मार्गों का पालन करें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में निजी वाहनों से जाने से बचने की सलाह दी गई है। हालांकि एम्बुलेंस, दमकल और पुलिस जैसे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा। प्रशासन ने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
