Indus Waters Treaty : राजनाथ सिंह का पाकिस्तान को कड़ा संदेश: आतंक के संरक्षकों तक नहीं पहुंचने देंगे सिंधु का पानी

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि भारत आतंकवाद के संरक्षकों तक सिंधु नदी का पानी नहीं पहुंचने देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत शांति और सद्भाव की भाषा न समझने वालों को जवाब देना अच्छी तरह जानता है। साथ ही कहा कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को पूरी तरह समाप्त नहीं करता, तब तक सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) का निलंबन जारी रहेगा।
रक्षा मंत्री हैदराबाद में आयोजित एक बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर', पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने का उल्लेख किया।
'ऑपरेशन सिंदूर' का किया जिक्र
राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत सरकार ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि जो लोग शांति, संवाद और सद्भाव की भाषा नहीं समझते, उन्हें उचित जवाब देना भारत जानता है।
उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता से जुड़े मुद्दों पर सरकार किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और आतंकवाद के खिलाफ उसकी नीति पूरी तरह स्पष्ट है।
Singrauli Sub Registrar Dismissed : सिंगरौली में सब-रजिस्ट्रार बर्खास्त, तीन संतान होने पर गई नौकरी
सिंधु जल संधि पर दोहराया भारत का रुख
रक्षा मंत्री ने कहा, "पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित कर हमने यह स्पष्ट संदेश दिया था कि जिनके हाथ आतंकवाद को बढ़ावा देने में लगे हैं, उन्हें भारत से किसी प्रकार की सहानुभूति या सहयोग की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सिंधु नदी का पानी आतंकवादियों और मानवता के दुश्मनों के संरक्षकों तक न पहुंचे।"
पीएम मोदी के बयान की दिलाई याद
राजनाथ सिंह का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस चर्चित वक्तव्य की याद दिलाता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि "खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।" रक्षा मंत्री के ताजा बयान को भारत की आतंकवाद के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति और पाकिस्तान के प्रति कड़े रुख के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि सिंधु जल संधि के निलंबन को लेकर भारत का यह रुख पाकिस्तान पर कूटनीतिक और रणनीतिक दबाव बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
