शुक्रवार, 13 नवंबर 202611:57:17 PM
Download App
Home/देश

आम जनता की जेब होगी ढीली : अक्टूबर में 6 फीसदी के पार पहुंची खुदरा महंगाई, शहरों में सबसे ज्यादा असर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 12, 2026
11:30 AM
अक्टूबर में 6 फीसदी के पार पहुंची खुदरा महंगाई, शहरों में सबसे ज्यादा असर

नई दिल्ली। देश में महंगाई एक बार फिर बढ़ गई है। अक्टूबर 2026 में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत थी। यानी एक महीने में महंगाई दर में 0.55 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। महंगाई बढ़ने का सबसे बड़ा असर खाद्य वस्तुओं की कीमतों में देखने को मिला है। प्याज, लहसुन, अदरक और नींबू के दाम में भारी उछाल ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।

गांवों में शहरों से ज्यादा महंगाई

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों में खुदरा महंगाई दर 6.63 प्रतिशत रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 5.41 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे साफ है कि शहरों के मुकाबले गांवों में महंगाई का दबाव ज्यादा रहा।

खाने-पीने की चीजों की महंगाई ने भी लोगों की चिंता बढ़ाई है। सितंबर में खाद्य महंगाई दर 7.74 प्रतिशत थी, जो अक्टूबर में बढ़कर 8.94 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 8.68 प्रतिशत रही।

प्याज के दाम में सबसे ज्यादा 116 प्रतिशत की बढ़ोतरी

अक्टूबर में जिन वस्तुओं की कीमतों में सबसे ज्यादा सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई, उनमें प्याज सबसे आगे रहा। इसके दाम में 116.22 प्रतिशत का उछाल आया है। वहीं लहसुन 60.74 प्रतिशत और अदरक 48.32 प्रतिशत महंगा हुआ।

सबसे ज्यादा महंगी होने वाली पांच प्रमुख वस्तुएं इस प्रकार हैं

प्याज:116.22 प्रतिशत

लहसुन: 60.74 प्रतिशत

चांदी के आभूषण: 52.39 प्रतिशत

अदरक: 48.32 प्रतिशत

नींबू: 47.30 प्रतिशत

इन वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों के मासिक खर्च पर पड़ सकता है।

आलू और फूलगोभी के दाम में मिली राहत

जहां कुछ खाद्य वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़े, वहीं कुछ सब्जियों की कीमतों में गिरावट भी दर्ज की गई। अक्टूबर में आलू 14.24 प्रतिशत सस्ता हुआ। इसके अलावा फूलगोभी के दाम में 10.57 प्रतिशत, नारियल में 5.60 प्रतिशत, बैंगन में 3.34 प्रतिशत और पत्तागोभी में 1.92 प्रतिशत की कमी आई।

इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई

राज्यों की बात करें तो अक्टूबर में तमिलनाडु 7.29 प्रतिशत खुदरा महंगाई के साथ सबसे ऊपर रहा। इसके बाद तेलंगाना में 7.26 प्रतिशत, आंध्र प्रदेश में 7.25 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 7.19 प्रतिशत और ओडिशा में 7.17 प्रतिशत महंगाई दर्ज की गई।

1407 शहरों और 1465 गांवों से जुटाए गए आंकड़े

मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की टीमें देशभर में महंगाई से जुड़े आंकड़े जुटाती हैं। इसके लिए 1407 शहरी बाजारों और 1465 गांवों से वस्तुओं की कीमतों की जानकारी ली गई। इसमें ऑनलाइन बाजार भी शामिल हैं। अक्टूबर के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आंकड़े जुटाने की प्रतिक्रिया दर 100 प्रतिशत रही।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें