यूकां कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई, खाद संकट : सिंघार ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा, निर्मला सप्रे मामले में कही यह बात

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक बार फिर कई मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई, किसानों की खाद समस्या, आदिवासियों के अधिकार, युवाओं की भर्ती और निर्मला सप्रे मामले को लेकर उन्होंने सरकार पर तीखे आरोप लगाए। सिंघार ने कहा कि बीजेपी की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है और सरकार जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है।
यूथ कांग्रेस पर कार्रवाई को लेकर बीजेपी को घेरा
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई को लेकर बीजेपी के आरोपों पर उमंग सिंघार ने कहा कि कई मंत्रियों और सांसदों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने बेरोजगारी, बढ़ते कर्ज और देश छोड़कर जा रहे लोगों के मुद्दे उठाते हुए कहा कि विपक्ष इन सवालों को उठा रहा है तो इसमें गलत क्या है?
खाद की कमी पर सरकार से मांगा जवाब
मुख्यमंत्री की कलेक्टरों के साथ किसानों के मुद्दों पर हुई बैठक को लेकर सिंघार ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सरकार जवाब देती है कि खाद की कोई कमी नहीं है, तो फिर किसान सड़कों पर क्यों उतर रहे हैं? उन्होंने किसानों की परेशानी पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
युवाओं की भर्ती पर बोले- यह आरएसएस सिलेक्शन है
सीएम फेलो की भर्ती की तारीख कम करने के मुद्दे पर सिंघार ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देना ही नहीं चाहती। उनके मुताबिक, बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोगों को ही नौकरी देने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे मेरिट सिलेक्शन के बजाय आरएसएस सिलेक्शन बताया।
निर्मला सप्रे मामले में निष्पक्ष फैसले की उम्मीद
निर्मला सप्रे मामले पर उमंग सिंघार ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विधानसभा अध्यक्ष निष्पक्ष निर्णय लेंगे और बीजेपी के दबाव में आए बिना संवैधानिक जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में निष्पक्षता सबसे जरूरी है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
