यूपी में दर्दनाक सड़क हादसा : मऊ में आमने-सामने भिड़े स्कॉर्पियो और टेलर, पांच की मौत, शवों को निकालने ढाई घंटे करनी पड़ी मशक्कत

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर बरसातपुर अहिरानी गांव के पास स्कॉर्पियो और टेलर (ट्रेलर ट्रक) की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
टक्कर इतनी भीषण थी की मृतकों को वाहन से बाहर निकालने में करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर जिले के निवासी अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में झारखंड के रांची गए थे। शादी संपन्न होने के बाद वह अपने परिवार के साथ गाड़ी से वापस घर लौट रहे थे। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। शुक्रवार देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच जैसे ही वाहन कुसुम्हा बशारतपुर के पास पहुंचा, चालक को झपकी आ गई और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भिड़ गई।
आमने- सामने हुई भिड़ंत
घोसी के क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हमें देर रात सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम मौके पर रवाना की गई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि एक वाहन डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चला गया था और सामने से आ रहे वाहन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई थी। दुर्घटना में कुल पांच लोगों की मौत हो गई है।
वाहन के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके और मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
